देश की खबरें | केजीएमयू के निर्माणाधीन भवन में आग लगी

लखनऊ, आठ जून प्रदेश की राजधानी स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के एक निर्माणाधीन भवन में बृहस्पतिवार की दोपहर आग लग गई।

जिला मजिस्ट्रेट सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि आग पर कुछ समय बाद काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

जिला अधिकारी (डीएम) गंगवार ने कहा कि केजीएमयू के मनोरोग विभाग में एक इमारत का निर्माण किया जा रहा है जहां ऊपर की मंजिल पर शटरिंग का काम चल रहा था और छत ढालने की जरूरत थी, लेकिन जिसमें दोपहर के समय अज्ञात कारणों से आग लग गई।

डीएम ने बताया कि दमकल की पांच गाडिय़ों के साथ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और इस पर काबू पा लिया गया है।

उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है क्योंकि निर्माण कार्य में शामिल सभी लोग मौजूद नहीं हैं और उन्हें बुलाकर और जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ की जाएगी।

नुकसान का सटीक आकलन अभी तक नहीं किया जा सका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)