देश की खबरें | मुंबई में बीकेसी मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में आग लगी, सेवाएं स्थगित, कोई हताहत नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शहर के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में शुक्रवार को आग लग गई, जिसके चलते ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

मुंबई, 15 नवंबर शहर के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में शुक्रवार को आग लग गई, जिसके चलते ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

अधिकारियों के अनुसार, आग अपराह्न करीब 1.10 बजे लगी। आग स्टेशन के अंदर 40-50 फुट की गहराई पर लकड़ी की चादरों, फर्नीचर और निर्माण सामग्री तक ही सीमित रही। इससे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आग से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।’’

उन्होंने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आठ दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर मौजूद हैं।

बीकेसी मेट्रो स्टेशन मुंबई मेट्रो रेल निगम के तहत आरे जेवीएलआर और बीकेसी के बीच 12.69 किलोमीटर लंबे (मुंबई मेट्रो 3) या एक्वा लाइन कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसका उद्घाटन पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।

मुंबई मेट्रो 3 ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रवेश/निकास ए4 के बाहर आग लगने के कारण बीकेसी स्टेशन पर यात्री सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं, जिससे स्टेशन में धुआं भर गया। दमकल विभाग कार्य पर है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हमने सेवाएं रोक दी हैं। एमएमआरसी और डीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं। कृपया वैकल्पिक मेट्रो सेवा के लिए बांद्रा कॉलोनी स्टेशन जाएं। आपके सहयोग के लिए धन्यवाद।’’

नेत्रपाल मनीषा

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\