नर्मदा, तीन नवंबर गुजरात के नर्मदा जिले में अपने आवास पर वन विभाग के कुछ अधिकारियों को धमकी देने और पिस्तौल से हवा में एक राउंड गोली चलाने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक चैतर वसावा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामले में वसावा की पत्नी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
नर्मदा जिले के पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुंबे के मुताबिक, घटना के बाद से डेडियापाड़ा से 'आप' विधायक वसावा फरार हैं, जबकि उनकी पत्नी, निजी सचिव और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सुंबे के अनुसार, यह घटना 30 अक्टूबर की रात को हुई, जब राज्य के वन विभाग के कर्मियों को वन भूमि पर अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए वसावा के आवास पर बुलाया गया था।
उन्होंने बताया कि वन विभाग के कर्मियों के साथ झड़प के बाद वसावा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के अलावा शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सुंबे के मुताबिक, मामले में डेडियापाड़ा थाने में दो नवंबर की रात को वसावा, उनकी पत्नी और दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि वन विभाग के कर्मियों ने लोगों द्वारा खेती के लिए वन भूमि के इस्तेमाल पर आपत्ति जतायी थी जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद पैदा हो गया।
सुंबे के अनुसार, वसावा और अन्य आरोपियों ने वन अधिकारियों को इस मामले पर चर्चा के लिए अपने आवास पर आमंत्रित करने के बाद कथित तौर पर उन्हें धमकाया।
वसावा 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने वाले 'आप' के पांच नेताओं में शामिल हैं। उन्हें बाद में राज्य में पार्टी के विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY