एजेंसी न्यूज

वित्तीय कंपनियों के शेयरों में तेजी से सेंसक्स 416 अंक चढ़ा

केंद्रीय बैंक की इस घोषणा से वित्तीय शेयरों के प्रति आकर्षण बढ़ने के साथ साथ कारात्मक वैश्विक रुख से भी निवेशकों का मनोबल बढ़ा हुआ था।

वित्तीय कंपनियों के शेयरों में तेजी से सेंसक्स 416 अंक चढ़ा

मुंबई, 27 अप्रैल रिजर्व बैंक द्वारा म्यूचुअल फंड कंपनियों के लिए 50,000 करोड़ रुपये की विशेष ऋण सुविधा की घोषणा से सोमवार को शेयर बाजार में उत्साह था और बीएसई सेंसेक्स 416 अंक चढ़ गया।

केंद्रीय बैंक की इस घोषणा से वित्तीय शेयरों के प्रति आकर्षण बढ़ने के साथ साथ कारात्मक वैश्विक रुख से भी निवेशकों का मनोबल बढ़ा हुआ था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 700 अंक तक के लाभ में था। हालांकि, बाद में लाभ कुछ सिमटा। अंत में सेंसेक्स 415.86 अंक या 1.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 31,743.08 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 127.90 अंक या 1.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,282.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक का शेयर अपने तिमाही नतीजों से पहले सबसे अधिक छह प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर भी पांच प्रतिशत तक लाभ में रहे।

वहीं दूसरी ओर एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और आईटीसी के शेयरों में गिरावट आई।

आनंद राठी के प्रमुख-इक्विटी रिसर्च (फंडामेंटल) नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों के लिए नए सप्ताह की शुरुआत अन्य एशियाई बाजारों की तरह सकारात्मक रुख के साथ हुई। वैश्विक स्तर पर केंद्रीय बैंकों से और मौद्रिक उपायों की उम्मीद की जा रही है। बैंक आफ जापान द्वारा कोरोना वायरस के झटके से निपटने को अपने प्रोत्साहन को बढ़ाने से यहां बाजार की धारणा को बल मिला।

रिजर्व बैंक ने म्यूचुअल फंड कंपनियों के लिए 50,000 करोड़ रुपये की विशेष नकदी सुविधा की घोषणा की है। इससे बाजार को और मजबूती मिली। सोलंकी ने कहा कि इससे म्यूचुअल फंड कंपनियों के नकदी संकट को दूर करने में मदद मिलेगी।

कारोबारियों ने कहा कि कारोबार के अंतिम घंटे में मुनाफावसूली का सिलसिला चलने से बाजार का लाभ कुछ सिमट गया। अंतरबैंक विदेशी विनियम बाजार में रुपया 21 पैसे की बढ़त के साथ 76.25 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार भी बढ़त में थे।

ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 4.03 प्रतिशत टूटकर 23.81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या 29.7 लाख पर पहुंच गई है। अब तक इस महामारी से दो लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है।

भारत में कोविड-19 से 872 लोगों की मौत हुई है। इससे संक्रमित लोगों की संख्या 27,892 पर पहुंच गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2020 04:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).