देश की खबरें | लाडकी बहिन योजना के तहत वित्तीय सहायता बढ़ाकर 2,100 रुपये नहीं की जा सकती : शिवसेना मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने सोमवार को कहा कि गंभीर वित्तीय संकट को देखते हुए ‘लाडकी बहिन योजना’ के तहत मासिक वित्तीय सहायता को बढ़ाकर 2,100 रुपये नहीं किया जा सकता, जैसा कि चुनाव से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन ‘महायुति’ के सहयोगियों ने वादा किया था।
मुंबई, पांच मई महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने सोमवार को कहा कि गंभीर वित्तीय संकट को देखते हुए ‘लाडकी बहिन योजना’ के तहत मासिक वित्तीय सहायता को बढ़ाकर 2,100 रुपये नहीं किया जा सकता, जैसा कि चुनाव से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन ‘महायुति’ के सहयोगियों ने वादा किया था।
उनका यह बयान महायुति सरकार को असहज स्थिति में लाने वाला माना जा रहा है।
सामाजिक न्याय मंत्री शिरसाट ने कहा, ‘‘फिलहाल वित्तीय मदद के रूप में 1,500 रुपये निश्चित रूप से दिए जाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि इस योजना का 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत में बड़ा योगदान था।
मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कल्याणकारी योजना जारी रहे, भले ही इसका मतलब प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए ऋण लेना हो।
शिरसाट ने कहा, ‘‘यह एक सच्चाई है कि 1,500 रुपये की मासिक राशि को बढ़ाकर 2,100 रुपये नहीं किया जा सकता। लेकिन लोग इसे मुद्दा बनाकर कहते हैं कि योजना समाप्त कर दी जाएगी या राशि में कटौती की जाएगी। लाडकी बहिन योजना के तहत किए गए वादे को पूरा किया जाएगा।’’
यह शायद पहली बार है, जब राज्य के किसी मंत्री ने इस वित्तीय सहायता को 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये करने के चुनावी वादे को पूरा करने में समस्याओं को स्वीकार किया है।
पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा था कि सरकार चुनावी वादों को पूरा करेगी।
महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सरकार कोई भी आश्वासन अधूरा नहीं छोड़ेगी।
महाराष्ट्र में 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान महायुति के सहयोगियों ने आश्वासन दिया था कि वित्तीय सहायता बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना के तहत, वार्षिक आय मानदंड को पूरा करने वाली पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक प्रदान किए जाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2025 12:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

