जरुरी जानकारी | वित्त मंत्री ने मंत्रालयों से 2021-22 के लिये तय पूंजी व्यय से अधिक खर्च करने को कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को मंत्रालयों से चालू वित्त वर्ष के लिये उनके निर्धारित पूंजी व्यय से अधिक खर्च का लक्ष्य लेकर चलने को कहा। उन्होंने कहा कि खर्च बढ़ने से महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिलेगी।

नयी दिल्ली, 29 जून वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को मंत्रालयों से चालू वित्त वर्ष के लिये उनके निर्धारित पूंजी व्यय से अधिक खर्च का लक्ष्य लेकर चलने को कहा। उन्होंने कहा कि खर्च बढ़ने से महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिलेगी।

बजट में की गयी घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और बुनियादी ढांचा निवेश में तेजी लाने के उपायों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने मंत्रालयों और उनके अधीन आने वाले केंद्रीय लोक उपक्रमों (सीपीएसई) से सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों के बकाये का 31 जुलाई तक भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा।

वित्त मंत्री की बुनियादी ढांचा रूपरेखा पर मंत्रालयों और विभागों के साथ यह छठी समीक्षा बैठक थी।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सीतारमण ने मंत्रालयों से व्यवहारिक परियोजनाओं के लिये सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) की संभावना टटोलने को भी कहा।

बयान के अनुसार, ‘‘वित्त मंत्री ने मंत्रालयों और उनके अंतर्गत आने वाले लोक उपक्रमों के पूंजीगत व्यय की समीक्षा करते हुए जोर देकर कहा कि बढ़ा हुआ पूंजी व्यय महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को तेजी से पटरी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मंत्रालयों को अपने पूंजीगत व्यय में तेजी लाने को कहा।’’

मंत्रालयों को निर्धारित पूंजी व्यय से अधिक खर्च का लक्ष्य लेकर चलने को कहा गया।

वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में 5.54 लाख करोड़ रुपये का पूंजी व्यय का प्रावधान किया गया है। यह 2020-21 के पूंजी व्यय के मुकाबले 34.5 प्रतिशत अधिक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\