देश की खबरें | सिग्नल इंजीनियरों की पदोन्नति की फाइल रेल भवन से गायब, हरकत में आया मंत्रालय

नयी दिल्ली, दो फरवरी भारतीय रेलवे सेवा के सिग्नल इंजीनियरों के 2015 बैच की पदोन्नति फाइल रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी के गोपनीय प्रकोष्ठ से गायब हो गई है, जिसके बाद अधिकारियों ने ‘सर्च मेमो’ जारी किया है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

चौबीस जनवरी के ‘सर्च मेमो’ के अनुसार, गोपनीय प्रकोष्ठ ने सूचित किया है कि ‘‘भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसएसई) के वर्ष 2015 के कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (जेएजी) पैनल के अधिकारियों की फाइल’’ का पता नहीं चल पा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि फाइल में सिग्नल विभाग के 200 से अधिक जेएजी अधिकारियों के पदोन्नति संबंधी दस्तावेज हो सकते हैं।

मेमो में अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने शाखाओं/अनुभागों/अधिकारियों के कमरों में उपर्युक्त फाइल की गहन तलाश करें।

इसमें कहा गया कि तलाश के निष्कर्ष के संबंध में 29 जनवरी 2025 तक सूचित करें।

सूत्रों के अनुसार उक्त फाइल का अब भी कोई सुराग नहीं लगा है।

रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार ने इस मामले पर ‘पीटीआई-’ के सवालों का जवाब नहीं दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)