एजेंसी न्यूज

फियो ने निर्यात के लिये व्यापक पैकेज की मांग की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में फियो ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश का निर्यात पर व्यापक प्रतिकूल असर पड़ेगा।

फियो ने निर्यात के लिये व्यापक पैकेज की मांग की
जमात

नयी दिल्ली, 12 मई भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) ने सरकार से कोरोना वायरस महामारी से निपटने में क्षेत्र की मदद के लिये बैंकों से ब्याज मुक्त कार्यशील पूंजी और कर्ज पर सब्सिडी जैसे उपायों की घोषणा करने का आग्रह किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में फियो ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश का निर्यात पर व्यापक प्रतिकूल असर पड़ेगा।

फियो के अध्यक्ष शरद सर्राफ ने कहा कि निर्यात क्षेत्र के जो भी आर्डर मिले थे, उसमें से 50 प्रतिशत से अधिक रद्द हो गये हैं। चमड़ा, कालीन, रेशम, हस्तशिल्प और कपड़ा क्षेत्र सर्वाधिक प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में 80 प्रतिशत से अधिक आर्डर रद्द हुए हैं और इससे चालू खाते के घाटे पर भी दबाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम आपसे निर्यात क्षेत्र के लिये एक व्यापक पैकेज की घोषणा करने का आग्रह करते हैं ताकि कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने में मदद मिले। इस प्रकार के संकट से चुनौतियों के साथ अवसर भी सामने आये हैं। लेकिन अवसर को भुनाने के लिये जरूरी है कि हम सही तरीके से कदम बढ़ायें।’’

सर्राफ ने कहा कि निर्यातकों को ‘भारत से वस्तु निर्यात योजना’ के तहत 2 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। वहीं श्रम गहन क्षेत्र को अतिरिक्त 4 प्रतिशत मार्च 2021 तक उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘ब्याज ‘इक्विलाइजेशन’ या सब्सिडी योजना (सस्ता कर्ज) 31 मार्च 2020 को समाप्त हो गयी। इसे सभी उत्पादों के लिये 31 मार्च 2021 तक के लिये फिर से शुरू किया जा सकता है। इसके अंतर्गत सभी श्रेणी के निर्यातकों को लाभ दिया जाना चाहिए।’’

सर्राफ ने सरकार को कोरोना वायरस संकट के बाद खासकर अमेरिका, यूरोप, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर तेजी से काम करने का सुझाव दिया। ये सभी देश रोजगार गहन क्षेत्रों और सेवाओं के लिये महत्वपूर्ण हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 07:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).