एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | फिडे महिला विश्व कप फाइनल: दिव्या ने हम्पी ड्रॉ पर रोका, अब फैसला टाईब्रेकर से

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हम्पी को फिडे महिला विश्व कप फाइनल के दूसरे गेम में रविवार को यहां कोई मौका दिये बिना ड्रॉ खेलने पर मजबूर किया जिससे विजेता का फैसला अब टाईब्रेकर से होगा।

खेल की खबरें | फिडे महिला विश्व कप फाइनल: दिव्या ने हम्पी ड्रॉ पर रोका, अब फैसला टाईब्रेकर से

बातुमी (जॉर्जिया), 27 जुलाई अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हम्पी को फिडे महिला विश्व कप फाइनल के दूसरे गेम में रविवार को यहां कोई मौका दिये बिना ड्रॉ खेलने पर मजबूर किया जिससे विजेता का फैसला अब टाईब्रेकर से होगा।

सोमवार को होने वाले टाईब्रेकर में कम अवधि की बाजियों की सीरीज खेली जायेंगी।

फाइनल के पहले गेम में शनिवार को अपनी शानदार शुरुआत का पूरा फायदा उठाने में विफल रही दिव्या ने दूसरी बाजी में काले मोहरों से खेलने के बावजूद बेहतर प्रदर्शन किया।

वह इस दौरान अनुभवी हम्पी की हर चाल का माकूल जवाब देने में सफल रही। हम्पी ने अपने एक प्यादे को गंवाने के साथ दिव्या को उलझाकर मैच पर दबदबा बनाने की कोशिश की लेकिन इस दौरान वह अपने दोनों बिशप (ऊंट या वजीर) को गंवा बैठी। इससे युवा भारतीय खिलाड़ी को एक प्यादे के फायदे के साथ वापसी करने का मौका मिल गया।

दोनो खिलाड़ियों ने 34 चालों को बाद मैच को बराबरी पर खत्म करने का फैसला किया।

अब टाई-ब्रेकर में 15-15 मिनट के दो गेम होंगे जिसमें हर चाल के बाद 10 सेकेंड का इजाफा होगा।

स्कोर इसके बाद फिर भी बराबरी पर रहा तो दोनों खिलाड़ी 10-10 मिनट प्रति गेम के हिसाब से एक और सेट खेलेंगी, जिसमें 10 सेकेंड का इजाफा होगा।

मैच का परिणाम अगर फिर भी नहीं निकला तो पांच-पांच मिनट के दो और गेम होंगे और इसमें हर चाल के बाद तीन सेकेंड की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद एक गेम का मुकाबला होगा जिसमें दोनों खिलाड़ियों को तीन मिनट मिलेंगे और दो सेकंड का इजाफा होगा। यह तब तक चलेगा जब तक कोई खिलाड़ी विजेता ना बना जाये।

चीन की झोंगयी टैन और लेई टिंगजी के बीच तीसरे स्थान का प्ले-ऑफ मुकाबला भी ड्रॉ की ओर बढता दिख रहा है।

दिव्या ने मुकाबले के बाद प्रसारक से बातचीत के दौरान शनिवार को पहले गेम में की गई गलतियों से परेशान दिखीं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहले गेम से काफी निराश थी क्योंकि मैं गलत चुनाव कर बैठी थी। पहला गेम मेरे पक्ष में नहीं गया और हालांकि यह ड्रॉ रहा, लेकिन मुझे हार जैसा महसूस हुआ। इसलिए मैं बस उबरने की कोशिश कर रही थी और आज का खेल काफी आसान था। ’’

दिव्या ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैं बिना किसी वजह के मुश्किल में पड़ गई। मैं देखना चाहती थी कि जीत होगी या नहीं, लेकिन मैं चूक गई। और मैं उलझन में थी।’’

यह पूछे जाने पर कि उनके जैसी खिलाड़ी पिछले गेम को भूलकर अगले गेम पर कैसे ध्यान केंद्रित करती हैं तो उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल में एक नई सोच के साथ उतरना ‘बेहद जरूरी’ होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्ना तुम अगले गेम में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाओगी। मैं बस खुद से कहती हूं कि इसके बारे में दुखी होने के लिए मेरे पास ज़िंदगी भर का समय है। इसलिए आज दुखी मत हो। इसके बारे में बाद में दुखी हो सकते हैं। ’’

नागपुर की 19 वर्षीय खिलाड़ी सोमवार को खिताब जीतकर ग्रैंडमास्टर बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह टाई-ब्रेकर में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगी।

दिव्या ने कहा, ‘‘बिलकुल, मुझे लगता है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी। वह (हम्पी) बेशक एक बहुत ही मजबूत खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि चीजें मेरे पक्ष में जाएंगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2025 10:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).