देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कुएं से पिता-पुत्र के शव बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने पिता—पुत्र के शव उनके घर के एक कुएं से बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बिलासपुर, नौ जुलाई छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने पिता—पुत्र के शव उनके घर के एक कुएं से बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनी गांव में पुलिस ने एक घर के कुएं से कैलाश दास गोस्वामी (40) और उसके पुत्र अंशु (15) के शव बरामद किए हैं।
सीपत थाने के प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि उनी गांव निवासी कैलाश ने कुछ दिनों पहले अपने घर के आंगन में 25 फुट गहरा कुआं खुदवाया था। सोमवार को कैलाश, उसकी पत्नी और पुत्र अंशु घर में थे तथा उन्होंने घर में बिजली का कनेक्शन ठीक कराया था।
सतपथी ने बताया कि शाम को दोबारा बिजली बंद होने पर जब कैलाश के पुत्र अंशु ने कुएं से एक बाल्टी पानी निकाला तो पानी से तेज बदबू आ रही थी। जब अंशु ने कुएं में देखा तो उसमें कुछ मरे हुए मेंढक थे।
सतपथी ने बताया कि अंशु मरे हुए मेढकों को निकालने के लिए कुएं में उतर गया और बहुत देर बाद भी बाहर नहीं आया। जब कैलाश ने कुएं में देखा तब अंशु डूब रहा था और बचने की कोशिश कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि अपने बेटे को डूबता देख कैलाश कुएं में कूद गया और वह भी बाहर नहीं आ सका। इस दौरान जब कैलाश की पत्नी कुएं के करीब पहुंची तब उसने देखा कि पिता-पुत्र के शव पानी की सतह पर तैर रहे हैं। तब उसने शोर मचाया और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और शवों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। सोमवार रात लगभग 10 बजे रस्सी के सहारे दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि कुएं में जहरीली गैस का रिसाव होने या करंट प्रवाहित होने के कारण यह घटना हुई है।
उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी।
सतपथी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 02:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

