देश की खबरें | बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में मारे गए आरोपी के पिता ने याचिका दायर कर एसआईटी जांच की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए आरोपी अक्षय शिंदे के पिता ने बंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर विशेष जांच दल (एसआईटी) से मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है।
मुंबई, 24 सितंबर बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए आरोपी अक्षय शिंदे के पिता ने बंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर विशेष जांच दल (एसआईटी) से मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है।
अन्ना शिंदे ने वकील अमित कटरनवारे के जरिए दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या ‘फर्जी मुठभेड़’ में की गई।
वकील कटरनवारे ने कहा, ‘‘आरोपी उस समय हिरासत में था, जब उसे फर्जी मुठभेड़ में गोली मार दी गई। यह वर्दीधारी अपराधियों द्वारा की गई निर्मम हत्या है।’’ याचिका पर बुधवार को न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति पृथ्वीराज चव्हाण की पीठ सुनवाई करेगी।
शिंदे (24) पर ठाणे जिले के बदलापुर के एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था। स्कूल में संविदा सफाईकर्मी शिंदे को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिंदे को सोमवार शाम को उसकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में नवी मुंबई की तलोजा जेल से बदलापुर ले जाया जा रहा था, तभी गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने दावा किया कि मुंब्रा बाईपास के पास शिंदे को उस समय मार गिराया गया, जब उसने एस्कॉर्ट टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी की बंदूक कथित तौर पर छीन ली थी। पुलिस ने दावा किया कि एक सहायक पुलिस निरीक्षक को गोली मारने के बाद दूसरे अधिकारी ने उस पर गोली चलाई और उसे कलवा सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) शिंदे की मौत की जांच करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 24, 2024 09:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

