एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पुंछ आतंकवादी हमले पर फारूक अब्दुल्ला का बयान अस्वीकार्य : भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि पुंछ जिले में हुए आतंकवादी हमले पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला का बयान अस्वीकार्य है।

देश की खबरें | पुंछ आतंकवादी हमले पर फारूक अब्दुल्ला का बयान अस्वीकार्य : भाजपा

जम्मू, 23 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि पुंछ जिले में हुए आतंकवादी हमले पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला का बयान अस्वीकार्य है।

अब्दुल्ला ने पुंछ में हाल में हुए आतंकवादी हमले के दोषियों के खिलाफ अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों से निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करने की अपील की थी।

भाजपा ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी अस्वीकार्य है क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकती है।

पार्टी ने यह भी कहा कि लोगों को नेकां नेतृत्व के ‘‘नापाक मंसूबों’’ को भी समझना चाहिए, जो समुदायों के बीच खाई पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता कविंदर गुप्ता ने यहां कहा, ‘‘अब्दुल्ला ने जांच एजेंसियों पर पुंछ आतंकवादी हमले की जांच के नाम पर आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्हें लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए जांच में शामिल होने के लिए कहना चाहिए।’’

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को पुंछ में आतंकवादियों द्वारा सेना के वाहन पर किए गए हमले में पांच जवान शहीद हो गये थे और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था।

अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा, ‘‘उन्होंने (सुरक्षा एजेंसियों ने) पुंछ में अभियान शुरू कर दिया है। उन्हें निर्दोष लोगों को गिरफ्तार नहीं करना चाहिए। उन्हें निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए। ऐसा करना गलत है और इससे बचना चाहिए।’’

अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा था कि जम्मू-कश्मीर के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को उन खामियों पर गौर करना चाहिए जिनके कारण पुंछ जिले में हुए आतंकी हमले में सेना के पांच जवान शहीद हो गए।

उन्होंने कहा था, ‘‘वह क्षेत्र (जहां हमला हुआ) सीमा के करीब है। वहां सुरक्षा चूक हो सकती है, जिसकी उन्हें जांच करने की जरूरत है। कहीं न कहीं गलती हुई है, उन्हें इस पर गौर करना चाहिए।’’

गुप्ता ने कहा कि नेकां नेतृत्व को इस बात पर विचार करना चाहिए कि केंद्रीय एजेंसियां एक आतंकवादी हमले के मामले की जांच कर रही हैं जिसमें सेना के पांच जांबाजों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पुंछ हमले के संदर्भ में अब्दुल्ला द्वारा दिए गए निराधार बयान अस्वीकार्य हैं क्योंकि इससे जांच बाधित हो सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिन्हें पुंछ में आतंकवादी हमले के बारे में कोई जानकारी है, उन्हें आगे आना चाहिए और जांच में शामिल होना चाहिए क्योंकि पांच देशवासियों ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2023 09:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).