एजेंसी न्यूज

रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत: मध्य दिल्ली में पुलिस तैनात, यातायात पर पड़ सकता है असर

किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को ‘किसान मजदूर महापंचायत’ का आह्वान किया है जिसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और वाहनों की जांच के लिए भारी बल तैनात किया है.

रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत: मध्य दिल्ली में पुलिस तैनात, यातायात पर पड़ सकता है असर
Farmers Protest | Credit- X

नयी दिल्ली, 14 मार्च : किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को ‘किसान मजदूर महापंचायत’ का आह्वान किया है जिसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और वाहनों की जांच के लिए भारी बल तैनात किया है. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण दिल्ली के मध्य हिस्से में यातायात प्रभावित हो सकता है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस ने यात्रा परामर्श जारी कर लोगों को मध्य दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों से बचने का सुझाव दिया है. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की सीमाओं पर तैनात अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की संख्या भी बढ़ा दी गई है. किसानों को अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी में प्रवेश नहीं करने को कहा गया है.

दिल्ली पुलिस ने किसानों को इस शर्त पर महापंचायत की अनुमति दी है कि इसमें 5000 से अधिक लोग इकट्ठा नहीं होंगे, कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं लाई जाएगी और रामलीला मैदान तक कोई मार्च नहीं निकाला जाएगा. तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर 2020-21 में हुए किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा है कि वह रामलीला मैदान में ‘किसान मजदूर महापंचायत’ आयोजित करेगा, जिसमें सरकार की नीतियों के खिलाफ ‘लड़ाई तेज करने’ का प्रस्ताव पारित किया जाएगा. यह भी पढ़ें : Stock Market Update: विदेशी कोष की ताजा निकासी के कारण शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में गिरावट

एसकेएम ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस ने उसे 14 मार्च को रामलीला मैदान में महापंचायत आयोजित करने तथा दिल्ली नगर निगम प्रशासन के सहयोग से पार्किंग स्थल और पानी, शौचालय व एम्बुलेंस जैसी अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है. पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्ष वर्धन ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि पांच हजार से अधिक लोगों के न जुटने की शर्त पर महापंचायत की अनुमति दी गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2024 10:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).