देश की खबरें | फरीदाबाद: पुलिस दल ने नदी में कूदकर हत्या के आरोपी को पकड़ा

फरीदाबाद (हरियाणा), 17 नवम्बर फरीदाबाद में पुलिस के एक दल ने यमुना में कूदकर हत्या के एक आरोपी को पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान रोहित के तौर पर हुई है। फरीदाबाद के मंझावली इलाके में एक प्रवासी किसान प्रभुनाथ की गांव के ही कुछ दबंगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस हमले में उसकी पत्नी और दो बेटी एवं एक बेटा भी घायल हुआ था। इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम आठ नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

अपराध शाखा सेक्टर 30 के प्रभारी महेंद्र ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हत्या की इस वारदात में शामिल रोहित यमुना किनारे छुपा हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस उसे पकड़ने पहुंची लेकिन आरोपी ने पुलिस दल को आता देख यमुना नदी में छलांग लगा दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी यमुना पार कर उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था।

महेंद्र ने बताया कि पुलिस दल के दो कर्मी आरोपी को पकडऩे के लिए यमुना में कूद गए और उन्होंने उसे पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा और उसकी पुलिस हिरासत का अनुरोध किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)