देश की खबरें | तिहाड़ जेल में मालिश करवाने का झूठा आरोप लगाया गया, फिजियोथेरेपी करा रहा था: सत्येंद्र जैन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा कि उन पर तिहाड़ जेल में मालिश करवाने का झूठा आरोप लगाया गया, जबकि वह पैर में 'बहुत तेज' दर्द होने के कारण फिजियोथेरेपी करवा रहे थे।
नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा कि उन पर तिहाड़ जेल में मालिश करवाने का झूठा आरोप लगाया गया, जबकि वह पैर में 'बहुत तेज' दर्द होने के कारण फिजियोथेरेपी करवा रहे थे।
नवंबर 2022 में तिहाड़ जेल के सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया था, जिसमें जैन कथित तौर "मालिश" करवा रहे थे। जैन उस समय दिल्ली के कारागार विभाग के मंत्री थे।
आप की ओर से जारी एक बयान में जैन ने कहा कि वीडियो को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।
दिल्ली के पूर्व मंत्री ने कहा कि चिकित्सकों ने उन्हें एक महीने तक बिस्तर पर आराम करने की सलाह दी थी और अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर सुविधाओं वाले कमरे में रहने का सुझाव दिया था।
उन्होंने कहा कि वह न तो झुक सकते थे, न कुछ उठा सकते थे और न ही हिल-डुल सकते थे।
आप ने कहा, "उस दौरान, मेरे पैरों में बहुत दर्द हो रहा था। स्थिति को देखते हुए सारी व्यवस्था की गई थी। क्या कभी कोई पूरे कपड़े पहनकर मालिश करवाता है? फिजियोथेरेपिस्ट बस अपना काम कर रहा था, फिर भी झूठा दावा किया गया कि मेरी मालिश की जा रही है।"
जैन को धन शोधन के एक मामले में दिल्ली की एक अदालत से जमानत मिलने के बाद शनिवार को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। उन्हें 18 महीने जेल में बिताने के बाद जमानत मिली।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें मार्च 2022 में गिरफ्तार किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)