देश की खबरें | आईजीआई हवाई अड्डे पर फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) पर 23 वर्षीय व्यक्ति को फर्जी पहचान पत्र और फर्जी नियुक्ति दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कथित तौर पर दिल्ली पुलिस का उपनिरीक्षक बनकर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ जुलाई दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) पर 23 वर्षीय व्यक्ति को फर्जी पहचान पत्र और फर्जी नियुक्ति दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कथित तौर पर दिल्ली पुलिस का उपनिरीक्षक बनकर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान साहिल कुमार के रूप में हुई है जो राजस्थान के अलवर जिले में लाडपुर का रहने वाला है। आरोपी दिल्ली पुलिस कर्मियों समेत महिलाओं से दोस्ती करने और उन्हें निशाना बनाने के लिए इन फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल करता था।
कुमार को सोमवार को जब हिरासत में लिया गया उस वक्त उसने दिल्ली पुलिस के लोगो वाली टी-शर्ट पहनी थी। कुमार को टर्मिनल-3 पर नियमित निगरानी के दौरान सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के कर्मियों ने हिरासत में लिया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (आईजीआई) उषा रंगनानी ने एक बयान में कहा, ‘‘पूछताछ करने पर वह अपनी कथित तैनाती के बारे में कोई विश्वसनीय स्पष्टीकरण नहीं दे पाया और गोलमोल जवाब देता रहा।’’
उन्होंने कहा कि जांच करने पर उसके पास से ‘‘पीएसआई दिल्ली पुलिस’’ अंकित एक संदिग्ध पहचान पत्र मिला।
बाद में इस कार्ड के साथ-साथ एक जाली नियुक्ति पत्र और एक हैंडबैग जिसमें खाली रोजनामचा और दिल्ली पुलिस अकादमी (डीपीए) से कथित तौर पर मुहर लगे पन्ने जैसे अन्य दस्तावेज शामिल थे, उन्हें भी जब्त कर लिया गया।
सीआईएसएफ ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सात जुलाई को आईजीआई हवाई अड्डा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
अधिकारी ने बताया कि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया और जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
कड़ी पूछताछ के दौरान कुमार ने कबूल किया कि उसने दिल्ली पुलिस की कर्मचारियों सहित महिलाओं को प्रभावित करने और धोखा देने के लिए खुद को 2024 बैच का उपनिरीक्षक बताया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 04:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

