देश की खबरें | गुरुग्राम में विदेशियों को निशाना बनाने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुरुग्राम पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है और तकनीकी सहायता प्रदान करने के नाम पर विदेशी नागरिकों के साथ ठगी करने के आरोप में एक महिला सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गुरुग्राम (हरियाणा), 17 अगस्त गुरुग्राम पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है और तकनीकी सहायता प्रदान करने के नाम पर विदेशी नागरिकों के साथ ठगी करने के आरोप में एक महिला सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि फर्जी कॉल सेंटर सेक्टर 43 के एक घर से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, एक इंटरनेट मॉडम और 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध पूर्व थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि फर्जी कॉल सेंटर की जानकारी बुधवार रात को मिली थी।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से दीपक अगस्त 2022 से फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था और मनीष प्रबंधक के रूप में काम कर रहा था, जबकि अन्य को वेतन आदि के रूप में भुगतान दिया जा रहा था।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरूण दहिया ने कहा कि वे ‘अमेजन’, ‘पेपाल’ और ‘ई बे’ जैसी कंपनियों से जुड़ी समस्याओं को हल करने का दावा करते थे और फिर तकनीकी सहायता और शिकायतों के निवारण के नाम पर वे उनके ‘सिस्टम’ में ऐप डाउनलोड कराते और ‘सिस्टम’ तक पहुंच हासिल कर लेते।
उन्होंने बताया कि निजी जानकारी, ‘सिस्टम’ हैक होने का खतरा और अकाउंट हैक होने का डर दिखाकर वे ग्राहक सेवा के नाम पर 100-500 अमेरिकी डॉलर ठग लेते थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 17, 2023 11:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

