औरंगाबाद, 16 जून महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विज्ञापन को लेकर भाजपा और एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के बीच कथित तकरार से जुड़े सवालों को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि इनका जवाब देने की जरूरत नहीं है और महाराष्ट्र सरकार के पास करने के लिए और भी महत्वपूर्ण काम हैं।
शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच जुबानी जंग अखबारों में प्रकाशित एक विज्ञापन को लेकर शुरू हुई, जिसमें शिंदे को राज्य में उपमुख्यमंत्री फडणवीस के मुकाबले अधिक लोकप्रिय प्रायोजित किया गया है।
राज्य में मंगलवार को एक कई अखबारों में पूरे पृष्ठ के विज्ञापन में एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए यह प्रदर्शित किया गया है कि शिंदे लोकप्रियता के मामले में फडणवीस से आगे हैं। विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर भी है।
हालांकि, विज्ञापन में फडणवीस या शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे की तस्वीर नहीं रहने से दोनों सहयोगी दलों के बीच संभावित दरार के बारे में चर्चा को तूल मिला। शिंदे सरकार आगामी 30 जून को अपना एक साल पूरा करेगी।
यहां से 240 किलोमीटर दूर स्थित उस्मानाबाद के तुलजापुर भवानी मंदिर पहुंचे फडणवीस ने कहा, ‘‘इस तरह की चीजों (विज्ञापन और दोनों दलों के बीच टकराव से जुड़े सवाल) का जवाब देने की जरूरत नहीं है। हमें (सरकार) काम करने हैं।’’
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उस्मानाबाद से संभावित प्रत्याशी के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड और केंद्रीय नेतृत्व इस बारे में फैसला करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY