देश की खबरें | फडणवीस ने बीएमसी की भर्ती प्रक्रिया में पहले प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त हटाने को कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई के निगम आयुक्त से अनुरोध किया कि भर्ती की इस शर्त को हटाया जाए कि अभ्यर्थी ने दसवीं और स्नातक की परीक्षा पहले प्रयास में उत्तीर्ण की हो।
मुंबई, छह सितंबर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई के निगम आयुक्त से अनुरोध किया कि भर्ती की इस शर्त को हटाया जाए कि अभ्यर्थी ने दसवीं और स्नातक की परीक्षा पहले प्रयास में उत्तीर्ण की हो।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में विभिन्न स्तर के 2,000 पद जल्द ही भरे जाने की संभावना है।
हालांकि पात्रता मानदंडों की बीएमसी की लंबी सूची को लेकर नगर निगम की आलोचना हो रही है।
फडणवीस ने बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी को लिखे पत्र में कहा, ‘‘भर्ती के लिए एक शर्त यह है कि उम्मीदवार ने पहले प्रयास में 10वीं और स्नातक की परीक्षा पास कर ली हो। आप जानते ही होंगे कि कुछ प्रतिभाशाली छात्र पारिवारिक या अपरिहार्य कारणों से पहले प्रयास में ऐसी परीक्षा पास नहीं कर पाते हैं।’’
उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इन अभ्यर्थियों को लगता है कि इस तरह की शर्त अन्यायपूर्ण है। भर्ती प्रक्रिया से इस तरह की शर्त हटाई जानी चाहिए।’’
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने इस पत्र को ‘एक्स’ पर भी साझा किया है।
बीएमसी का संचालन इस समय एक प्रशासक (आयुक्त) कर रहे हैं। इसके चुनाव दो साल से अधिक समय से लंबित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)