विदेश की खबरें | जापान में बंदरगाह पर विस्फोट, प्रधानमंत्री किशिदा बाल-बाल बचे, एक पुलिसकर्मी घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. वाकायामा (जापान), 15 अप्रैल (एपी) जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा शनिवार सुबह पश्चिमी जापान के एक बंदरगाह पर चुनाव प्रचार के दौरान विस्फोट में बाल-बाल बच गए। अधिकारियों ने बताया कि किसी ने उनकी तरफ एक विस्फोटक फेंका था।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाकायामा (जापान), 15 अप्रैल (एपी) जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा शनिवार सुबह पश्चिमी जापान के एक बंदरगाह पर चुनाव प्रचार के दौरान विस्फोट में बाल-बाल बच गए। अधिकारियों ने बताया कि किसी ने उनकी तरफ एक विस्फोटक फेंका था।

पुलिस ने एक संदिग्ध को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, विस्फोट की चपेट में आने से एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया।

घटना के बावजूद किशिदा ने शनिवार को प्रचार अभियान जारी रखा।

बहरहाल, इस घटना ने नौ महीने पहले किशिदा के पूर्ववर्ती शिंजो आबे की पश्चिमी शहर नारा में एक चुनाव प्रचार अभियान के दौरान हुई हत्या की यादें ताजा कर दी हैं।

किशिदा स्थानीय चुनाव में अपनी सत्तारूढ़ पार्टी के एक उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए वाकायामा के साईकजाकी बंदरगाह पहुंचे थे। प्रधानमंत्री अपना भाषण शुरू करने ही वाले थे कि वहां विस्फोट हो गया।

मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोकाजु मात्सुनो ने पत्रकारों को बताया कि संदिग्ध माने जा रहे एक युवक को शनिवार को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसने कथित तौर पर कोई ‘‘संदिग्ध वस्तु’’ फेंकी थी।

मात्सुनो ने संदिग्ध की मंशा और उसकी पृष्ठभूमि पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस जांच कर रही है।

टीवी पर प्रसारित फुटेज में किशिदा भीड़ की तरफ पीठ करके खड़े दिखायी दे रहे हैं। उनके सुरक्षाकर्मी अचानक उनके पास जमीन की ओर मुड़ते हैं और प्रधानमंत्री घबराए हुए दिखायी देते हैं।

कैमरा तुरंत भीड़ की ओर मुड़ जाता है और वर्दी तथा सादे कपड़े पहने कई पुलिस अधिकारी सफेद रंग का सर्जिकल मास्क पहने एक युवक को दबोचते हैं। युवक के हाथ में एक उपकरण होता है।

जब वे व्यक्ति को जमीन पर घेर लेते हैं और उसके हाथ से ट्यूब हटाने की कोशिश करते हैं तो किशिदा के पास एक बड़े विस्फोट की आवाज सुनी जाती है।

अभी यह पता नहीं चला है कि विस्फोटक उपकरण क्या था या कितने संदिग्ध शामिल थे लेकिन कुछ खबरों में कहा गया है कि यह स्मोक या पाइप बम था।

मात्सुनो ने बताया कि किशिदा को चोट नहीं आई है और उनकी शनिवार को चुनावी भाषण देने की योजना है।

उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव लोकतंत्र का अहम हिस्सा है और हमें कभी धमकियों या हिंसा से अवरोध को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री का चुनाव प्रचार कार्यक्रम जारी रखने का फैसला इसी संदर्भ में है।’’

मात्सुनो ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय पुलिस को मई में होने वाले जी-7 सम्मेलन से पहले इस सप्ताहांत बैठकों में हिस्सा लेने के लिए जापान आ रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के वास्ते हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया है।

आबे की हत्या ने देश को स्तब्ध कर दिया था। घटना की जांच में उनकी सुरक्षा में चूक का पता चला था। इसके बाद, जापान में पुलिस सुरक्षा उपायों में बदलाव किया गया था।

जापान में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, क्योंकि रविवार को जी-7 के विदेश मंत्रियों की बैठकों के लिए दुनिया के सबसे शक्तिशाली लोकतंत्र के कुछ वरिष्ठ राजनयिक यहां पहुंचे हैं। किशिदा अपने गृह नगर हिरोशिमा में 19 से 21 मई को जी-7 नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने एनएचके को बताया कि वह भीड़ में शामिल थी, तभी उसने पीछे से हवा में कुछ आते हुए देखा और अचानक विस्फोट की तेज आवाज सुनी, जिसके बाद वह अपने बच्चों के साथ भागी।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि लोग चिल्ला रहे थे और उसने विस्फोट से ठीक पहले एक व्यक्ति को पकड़े जाते देखा।

आबे की हत्या के लिए हमलावर ने कथित तौर पर देसी बंदूक से गोली चलाई थी। हमलावर तेत्सुया यामागामी पर हत्या और बंदूक नियंत्रण कानून के उल्लंघन समेत कई अन्य आरोप लगाए गए हैं।

आबे के कथित हत्यारे ने जांचकर्ताओं को बताया था कि उसने जापान के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक आबे की हत्या इसलिए की थी, क्योंकि उनके एक धार्मिक समूह से संबंध थे, जिससे वह नफरत करता था।

जन सुरक्षा और कड़े बंदूक कानून के लिए पहचाने जाने वाले जापान में इस हत्या के बाद कई शीर्ष स्थानीय और राष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों ने इस्तीफे दे दिये थे। साथ ही नेताओं और अन्य प्रतिष्ठित लोगों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश कड़े किए गए थे।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now