देश की खबरें | अधिशासी अभियंता और विकास अधिकारी रिश्वत मामले में गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बृहस्पतिवार को उदयपुर और बांसवाडा में एक अधिशासी अभियंता और एक विकास अधिकारी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर, 19 अक्टूबर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बृहस्पतिवार को उदयपुर और बांसवाडा में एक अधिशासी अभियंता और एक विकास अधिकारी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के एक दल ने बांसवाडा में विकास अधिकारी को परिवादी से 80 हजार रूपये और उदयपुर नगर निगम में कार्यरत अधिशासी अभियंता को परिवादी से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक (अतिरिक्त प्रभार) हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि बांसवाडा में पंचायत समिति तलवाडा के विकास अधिकारी को परिवादी से 80 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दी थी कि ग्राम पंचायत कूपडा के विभागीय निरीक्षण के दौरान स्वीकृत कार्यो में कमी बताकर कार्यो की बकाया राशि लगभग एक करोड 50 लाख रुपये के भुगतान के बदले विकास अधिकारी पुरणमल मीणा दो प्रतिशत कमीशन के हिसाब से तीन लाख रूपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दल ने बृहस्पतिवार को पुरण मल मीणा को परिवादी से 80 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रियदर्शी ने बताया कि इसी तरह उदयपुर में परिवादी ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसकी फर्म द्वारा नगर निगम उदयपुर में विभिन्न उद्यानों के रखरखाव कार्यो के बकाया बिल के भुगतान में कमीशन के तौर पर निगम के अधिशासी अभियंता अवैस मोहम्मद 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दल ने अधिशासी अभियंता को परिवादी से 50 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और ब्यूरो द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 19, 2023 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

