एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | आबकारी नीति मामला: केजरीवाल को अदालत में पेश करेगी ईडी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लेने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उन्हें शुक्रवार को विशेष पीएमएलए (धन-शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

देश की खबरें | आबकारी नीति मामला: केजरीवाल को अदालत में पेश करेगी ईडी

नयी दिल्ली, 22 मार्च दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लेने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उन्हें शुक्रवार को विशेष पीएमएलए (धन-शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक 55 वर्षीय केजरीवाल को संघीय जांच एजेंसी ने राष्ट्रीय राजधानी के सिविल लाइन्स इलाके में फ्लैगस्टाफ रोड स्थित उनके आधिकारिक आवास से बृहस्पतिवार रात को गिरफ्तार कर लिया था।

चिकित्सकों समेत चिकित्सा कर्मियों के एक दल को मध्य दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में सुबह के समय प्रवेश करते देखा गया, जहां केजरीवाल को गिरफ्तारी के बाद रखा गया है।

ऐसा समझा जाता है कि निदेशालय ने केजरीवाल को अदालत में ले जाने से पहले उनकी चिकित्सकीय जांच के लिए चिकित्सा कर्मियों को बुलाया था।

प्रवर्तन निदेशालय केजरीवाल पर जांच में लगातार ‘‘असहयोग’’ करने का आरोप लगाते हुए और शराब नीति में कथित अनियमितताओं से उनकी पार्टी का संबंध और उनकी व्यक्तिगत भूमिका का पता लगाने के लिए अदालत से उन्हें 10 दिन की हिरासत में भेजने का अनुरोध कर सकता है।

ऐसी संभावना है कि एजेंसी अदालत से यह भी कहेगी कि बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) की नेता के. कविता समेत अन्य गिरफ्तार आरोपियों और गवाहों का केजरीवाल से आमना-सामना कराए जाने की आवश्यकता है।

केजरीवाल के वकीलों द्वारा इसका विरोध किए जाने की संभावना है। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को ‘‘अवैध’’ बताया था।

प्रक्रिया के अनुसार, एजेंसी रिमांड संबंधी कागजात तैयार करने से पहले गिरफ्तार व्यक्ति से संक्षिप्त पूछताछ भी करती है, जिसे उसकी हिरासत के अनुरोध के लिए अदालत के समक्ष रखा जाता है।

इस बीच, ए पी जे अब्दुल कलाम रोड स्थित ईडी कार्यालय एवं मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और दिल्ली पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों ने अतिरिक्त अवरोधक लगाए हैं।

ईडी के आरोप पत्र में केजरीवाल के नाम का उल्लेख कई बार किया गया है। एजेंसी का आरोप है कि आरोपी आबकारी नीति बनाने के लिए केजरीवाल के संपर्क में थे। यह नीति बनाने और इसे लागू करने के लिए आप पर रिश्वत लेने का आरोप है।

इस मामले में अब तक कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और ईडी ने छह आरोप पत्र दाखिल किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 22, 2024 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).