देश की खबरें | आबकारी मामला: सीबीआई मुख्यालय में सिसोदिया से पूछताछ जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से आबकारी नीति मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने सोमवार को पूछताछ शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से आबकारी नीति मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने सोमवार को पूछताछ शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वह पूर्वाह्न सवा 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। उन्हें सीधे पहली मंजिल पर भ्रष्टाचार रोधी शाखा के कार्यालय ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनसे दिल्ली की आबकारी नीति, प्राथमिकी में आरोपी बनाए गए लोगों से उनके संबंधों और छापेमारी में बरामद दस्तावेजों के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सीबीआई युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी के बेटे राघव रेड्डी से भी इस मामले में पूछताछ कर रही है।

सिसोदिया इससे पहले सुबह आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय और महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट गए। उनके आवास के बाहर भी बड़ी संख्या में उनके समर्थक एकत्रित हो गए और उनके सीबीआई कार्यालय पहुंचने तक उनके साथ मौजूद रहे।

दिल्ली पुलिस ने एहतियाती तौर पर पहले ही सिसोदिया के मथुरा रोड स्थित आवास के आसपास सोमवार को सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

सीबीआई ने अगस्त में सिसोदिया और 14 अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की थी।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपालय विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एजेंसी ने सिसोदिया के परिसरों पर छापेमारी की और गाजियाबाद के एक बैंक में उनके लॉकर की तलाशी भी ली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now