देश की खबरें | उत्तरी दिल्ली में ट्रैवल एजेंट की हत्या के आरोप में पूर्व सैनिक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरी दिल्ली के मोरी गेट इलाके में इस साल फरवरी में पैसों को लेकर एक ट्रैवल एजेंट की हत्या करने के आरोप में एक पूर्व सैनिक को गिरफ्तार किया गया है।
नयी दिल्ली, सात जून उत्तरी दिल्ली के मोरी गेट इलाके में इस साल फरवरी में पैसों को लेकर एक ट्रैवल एजेंट की हत्या करने के आरोप में एक पूर्व सैनिक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी संजेश कुमार चौहान उर्फ फौजी को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के आवारी गांव से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया जहां वह घटना को अंजाम देने के बाद सात फरवरी से छुपा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि ट्रैवल एजेंट अखिलेश तिवारी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और अपने गृह राज्य चला गया जहां से उसे चार महीने बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
उसने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक अदालत ने गैर ज़मानती वारंट भी जारी किया था।
विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी दिल्ली-इटावा-कानपुर मार्ग पर चार बसों का संचालन कर रहा था और पीड़ित तिवारी एक ट्रैवल एजेंट था, जिसका दफ्तर मोरी गेट इलाके में था।
उन्होंने बताया कि चौहान द्वारा चलाई जा रही बसों के टिकट तिवारी बुक करता था। तिवारी भी इसी मार्ग पर अपनी बस चलाना चाहता था जिससे चौहान नाराज हो गया।
कुमार ने बताया कि इसके अलावा तिवारी को चौहान को डेढ़ लाख रुपये देने थे, जिसमें वह देरी कर रहा था तथा चौहान ने अपने साथियों के साथ तिवारी की हत्या करने की साजिश रची।
उन्होंने बताया कि योजना के अनुसार, आरोपी अपने दो साथियों-गैंगस्टर उदयवीर उर्फ बाबा और विष्णु के साथ तिवारी के कार्यालय पहुंचा और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि वह जनवरी 2021 में सेना से सेवानिवृत्त हुआ था और चार बसें खरीदी थी और उनका संचालन दिल्ली-इटावा-कानपुर मार्ग पर कर रहा था।
पुलिस ने कहा कि इस मामले में पहले से गिरफ्तार उदयवीर उर्फ बाबा इटावा का कुख्यात अपराधी है और वह पहले से ही 50 आपराधिक मामलों में शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)