एजेंसी न्यूज

सुनील गावस्कर से सुनील छेत्री तक सभी ने दी चुन्नी गोस्वामी को श्रृद्धांजलि

भारत के पूर्व और मौजूदा फुटबॉलरों और क्रिकेटरों ने गोस्वामी के निधन पर शोक जताया ।

सुनील गावस्कर से सुनील छेत्री तक सभी ने दी चुन्नी गोस्वामी को श्रृद्धांजलि
जमात

नयी दिल्ली / कोलकाता, 30 अप्रैल सुनील गावस्कर से लेकर सुनील छेत्री तक क्रिकेट और फुटबॉल जगत ने भारतीय खेल जगत के महानायक सुबीमल चुन्नी गोस्वामी को श्रृद्धांजलि दी जिनका गुरूवार को कोलकाता में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया ।

भारत के पूर्व और मौजूदा फुटबॉलरों और क्रिकेटरों ने गोस्वामी के निधन पर शोक जताया ।

महान क्रिकेटर गावस्कर ने लिखा ,‘‘ आज वाकई निराशाजनक दिन है ।पहले ऋषि कपूर और अब चुन्नीदा हमें छोड़कर चले गए । दोनों अपने अपने फन के चैम्पियन । इनके स्वर्गवास से दुनिया खाली सी हो गई ।’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट किया ,‘‘ बीसीसीआई चुन्नी गोस्वामी के निधन पर शोक व्यक्त करता है । वह सही मायने में हरफनमौला थे ।’’

भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया और एम विजयन ने भी उन्हें श्रृद्धांजलि दी ।

विजयन ने कहा ,‘‘भारतीय फुटबॉल के लिये यह बहुत दुखद दिन है । वह भारतीय फुटबाल के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक थे । वह और पी के बनर्जी हमारे खेलने के दिनों में सबसे बड़े खिलाड़ी थे ।’’

भूटिया ने उन्हें भारतीय फुटबॉल का पहला सुपरस्टार कहा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले दो तीन महीने में भारतीय फुटबॉल को काफी नुकसान हुआ है । पहले पी के बनर्जी और अब चुन्नी गोस्वामी । वह भारतीय फुटबॉल के पहले सुपरस्टार थे ।’’

मौजूदा भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने लिखा ,‘‘हमने भारतीय खेलों के एक प्रकाशपुंज को खो दिया । दो अलग अलग खेलों में इतनी उपलब्धियां शायद ही किसी की होगी । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे ।’’

उनके पूर्व साथी खिलाड़ी तुलसीदास बलराम ने कहा ,‘‘ मैं स्तब्ध हूं । पहले पी के बनर्ती और अब चुन्नी । हम एक दूसरे का काफी सम्मान करते थे और काफी सुखद यादें हैं । मैं आगे कुछ बोल नहीं सकता ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 08:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).