एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राहुल गांधी की ‘चौथी पीढ़ी’ भी एसटी, एससी, ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकती: शाह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि अगर उनकी ‘चौथी पीढ़ी’ भी आ जाए तो वह भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं।

देश की खबरें | राहुल गांधी की ‘चौथी पीढ़ी’ भी एसटी, एससी, ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकती: शाह

धुले, 13 नवंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि अगर उनकी ‘चौथी पीढ़ी’ भी आ जाए तो वह भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं।

शाह ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कुछ दिन पहले उमेला समूह के लोग महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष से मिले और कहा कि मुसलमानों को आरक्षण देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मुसलमानों को आरक्षण देना है तो एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण काट कर देना पड़ेगा। अरे राहुल बाबा (राहुल गांधी), आप तो क्या आपकी चार पीढ़ियां भी एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं।’’

शाह ने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 को कभी बहाल नहीं किया जाएगा, चाहे कुछ भी हो जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर इंदिरा गांधी स्वर्ग से वापस आ भी जाती हैं तो भी अनुच्छेद 370 को बहाल नहीं किया जाएगा।’’

महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) को ‘औरंगजेब फैन क्लब’ करार देते हुए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन शिवाजी महाराज और वीर सावरकर के आदर्शों पर चलता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ये आघाडी केवल तुष्टिकरण करना चाहती है और उद्धव ठाकरे सत्ता के लिए बाला साहब ठाकरे जी के सिद्धांत को भूल कर बैठे हैं। उद्धव बाबू, आप उन लोगों के साथ बैठे हो जिन्होंने... औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर करने का विरोध किया, राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, तीन तलाक हटाने का विरोध किया, अनुच्छेद-370 हटाने का विरोध किया, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध किया। आप हिंदुओं को आतंकवादी कहने वालों के साथ बैठे हो।’’

शाह ने कहा कि महायुति का मतलब विकास और एमवीए का मतलब विनाश है और जनता को तय करना है कि वे विकास करने वालों को सत्ता में लाना चाहते हैं या विनाश करने वालों को।

केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने संबोधन में वक्फ कानून का भी उल्लेख किया और कहा कि इस देश में लोग इससे परेशान हैं। उन्होंने कर्नाटक में कुछ मंदिर, किसानों की भूमि व लोगों के घरों को कथित तौर पर वक्फ की संपत्ति बताए जाने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम वक्फ कानून में संशोधन का विधेयक लाए हैं लेकिन राहुल बाबा और पवार साहब (शरद पवार) इसका विरोध कर रहे हैं। राहुल गांधी, सुन लो, डंके की चोट पर प्रधानमंत्री मोदी वक्फ कानून में संशोधन करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2024 02:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).