जरुरी जानकारी | यूरोपीय संघ ने अमेरिकी शुल्क के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की दी चेतावनी

वॉन डेर लेयेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस्पात और एल्युमीनियम पर शुल्क लगाए जाने पर बयान में कहा, ‘‘यूरोपीय संघ अपने आर्थिक हितों की रक्षा के लिए कदम उठाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ शुल्क, कर हैं... व्यापार के लिए बुरे, उपभोक्ताओं के लिए और भी बुरे हैं। यूरोपीय संघ पर अनुचित शुल्क का जवाब दिया जाएगा।’’

वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इसके जवाब में इतनी ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, यूरोपीय संघ की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने संसद को बताया कि ‘‘ यदि अमेरिका हमारे लिए कोई अन्य विकल्प नहीं छोड़ता है, तो यूरोपीय संघ एकजुट होकर प्रतिक्रिया देगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ अंततः व्यापार युद्धों से हमेशा दोनों पक्षों की समृद्धि को नुकसान होता है।’’

ट्रंप ने विदेशी इस्पात और एल्युमीनियम पर 25 प्रतिशत कर लगाने की घोषणा की है। इससे स्थानीय उत्पादकों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा से राहत मिलने की उम्मीद है जिससे वे अधिक कीमत वसूल सकेंगे।

ट्रंप ने राष्ट्रपति के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में भी इसी तरह के शुल्क लगाए थे, लेकिन इस कदम से अमेरिका के प्रमुख सहयोगियों के साथ संबंधों को नुकसान पहुंचा था। साथ ही इस्पात और एल्युमीनियम खरीदने वाले ‘डाउनस्ट्रीम’ विनिर्माताओं की लागत बढ़ गई थी।

यूरोपीय संघ आयोग के उपाध्यक्ष मार्कोस शेफकोविक ने मंगलवार को कहा कि शुल्क ‘‘आर्थिक रूप से प्रतिकूल हैं, विशेष रूप से हमारे व्यापक अंतर-अटलांटिक व्यापार व निवेश संबंधों के माध्यम से स्थापित गहन एकीकृत उत्पादन श्रृंखलाओं को देखते हुए।’’

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘ हम अपने कर्मचारियों, व्यवसायों और उपभोक्ताओं की रक्षा करेंगे। हमारे लिए यह आदर्श स्थिति नहीं है। हम रचनात्मक संवाद के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम बातचीत के लिए तैयार हैं और जहां संभव हो, पारस्परिक रूप से लाभकारी समाधान खोजने के लिए तैयार हैं।’’

शेफकोविक ने कहा, ‘‘ दोनों पक्षों के लिए बहुत कुछ दांव पर लगा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)