देश की खबरें | यूरोपीय आयोग ने जी20 देशों से 2030 के लिए महत्वाकांक्षी जलवायु लक्ष्य निर्धारित करने का आग्रह किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. यूरोपीय आयोग ने शनिवार को जी20 देशों से आग्रह किया कि वे वर्ष 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को तीन गुना करने और ऊर्जा दक्षता को दोगुना करने के वैश्विक लक्ष्यों को लेकर सहमति जताएं।

नयी दिल्ली, नौ सितंबर यूरोपीय आयोग ने शनिवार को जी20 देशों से आग्रह किया कि वे वर्ष 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को तीन गुना करने और ऊर्जा दक्षता को दोगुना करने के वैश्विक लक्ष्यों को लेकर सहमति जताएं।

इन लक्ष्यों को वैश्विक औसत तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।

नयी दिल्ली में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में "एक पृथ्वी" सत्र को संबोधित करते हुए, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने की तत्काल जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘जलवायु परिवर्तन मानव निर्मित है। इसका मतलब है कि हम ही इस पर अंकुश लगा सकते हैं।’’

उन्होंने जलवायु परिवर्तन के विभिन्न क्षेत्रों पर असमान प्रभाव को रेखांकित किया और कहा कि जी20 देश वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के 80 प्रतिशत के लिए जिम्मेदार हैं, जबकि 4 प्रतिशत से कम उत्सर्जन करने वाला अफ्रीका सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने जी20 देशों को इस बात का स्मरण कराया कि वैश्विक तापमान में वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लक्ष्य से चूकने वाले हैं।

लेयेन ने कहा, ‘‘इसलिए, यह महत्वपूर्ण है कि हम 1.5 डिग्री के अपने लक्ष्य को बनाए रखें...अगर हमें वैश्विक तापमान में वृद्धि को सीमित करने के अपने लक्ष्य तक पहुंचना है तो हमें 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को तीन गुना और ऊर्जा दक्षता को दोगुना करने की आवश्यकता है।’’

उन्होंने 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा दक्षता लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए वैश्विक प्रतिबद्धता का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे वैश्विक लक्ष्य प्रगति पर नज़र रखने के लिए आधार बिंदु के रूप में काम करेंगे और निजी क्षेत्र को पूर्वानुमान की व्यवस्था प्रदान करेंगे।

जलवायु कार्रवाई के लिए वित्तीय पहलू पर लेयेन ने कहा कि इस वर्ष 100 अरब अमेरिकी डॉलर के जलवायु वित्त लक्ष्य को पूरा करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा, "यूरोपीय संघ अपना उचित योगदान दे रहा है। 2021 में 27 अरब अमेरिकी डॉलर दिया गया। मैं आपको आश्वस्त करना चाहती हूं कि हम ऐसा करना जारी रखेंगे।"

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने जी20 देशों से कार्बन मूल्य निर्धारण और कार्बन बाजारों को व्यापक रूप से अपनाने के माध्यम से जलवायु वित्त के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में वैश्विक उत्सर्जन का केवल 23 प्रतिशत हिस्सा पेरिस समझौते के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पर्याप्त कार्बन मूल्य द्वारा कवर किया गया है।

वॉन डेर लेयेन ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के संदर्भ में जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा की परस्पर जुड़ी चुनौतियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने वैश्विक सुरक्षा में खाद्य स्थिरता की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए काला सागर के रास्ते यूक्रेन से अनाज का निर्यात होने देने की रूस से अपील की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now