देश की खबरें | महाराष्ट्र विधान भवन में सत्र के दौरान आगंतुकों का प्रवेश वर्जित : विधानसभा अध्यक्ष

मुंबई, 18 जुलाई महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शुक्रवार को कहा कि विधानमंडल के सत्र के दौरान विधान भवन में आगंतुकों का प्रवेश वर्जित रहेगा तथा केवल मंत्रियों, विधायकों, आधिकारिक तौर पर नामित उनके निजी सचिवों और सरकारी अधिकारियों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी।

उन्होंने विधानसभा में यह घोषणा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) विधायक जितेंद्र अव्हाड और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों के बीच विधान भवन के अंदर हुई झड़प के एक दिन बाद की। इससे एक दिन पहले, दोनों विधायकों के बीच तीखी बहस हुई थी।

विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर ने कहा कि विधानमंडल आचार समिति गठित करने पर एक सप्ताह में निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान मंत्रियों को विधानमंडल परिसर में आधिकारिक बैठकें करने और आगंतुकों से मिलने की अनुमति नहीं होगी।

नार्वेकर ने कहा कि संबंधित विधायकों को उनके साथ आए व्यक्तियों के आचरण के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।

पडलकर और अव्हाड, दोनों ने अपने समर्थकों के बीच हुई झड़प को लेकर सदन में खेद व्यक्त किया था।

नार्वेकर ने कहा कि विधायक अव्हाड और पडलकर के सहयोगी नितिन देशमुख और सरजेराव टाकले, जो बृहस्पतिवार को झड़प में शामिल थे और जिन्हें राज्य विधानमंडल के सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया था, को सदन के विशेषाधिकार हनन के आरोप का सामना करना पड़ेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)