कोरोना योद्धाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए: अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल
डॉक्टर, अर्धचिकित्साकर्मी,पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी और कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भिन्न-भिन्न ड्यूटी पर लगे अन्य लोग कोरोना योद्धा कहलाते हैं।
ईटानगर, 21 मई अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल डॉ. बी डी मिश्रा ने कोरोना वायरस के सफल नियंत्रण के लिए राज्य में कोरोना योद्धाओं की सुरक्षा एवं अन्य जरूरतों का पूरा करने पर बल दिया।
डॉक्टर, अर्धचिकित्साकर्मी,पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी और कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भिन्न-भिन्न ड्यूटी पर लगे अन्य लोग कोरोना योद्धा कहलाते हैं।
राजभवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार यहां राजभवन में उपमुख्यमंत्री चोवना मीन के साथ बैठक के दौरान राज्यपाल ने राज्य सरकार को कोविड-19 योद्धाओं को पीपीई, जरूरी मेडिकल उपकरण, मास्क, ग्लव्स आदि प्रदान कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
मिश्रा ने कहा कि राज्य के बाहर से आये लोगों के साथ कार्य-व्यवहार में मानक संचालन प्रक्रिया के सभी नियमों का पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन की घोषणा से पहले राज्य से बाहर गये अरूणाचल प्रदेश के विद्यार्थियों, मरीजों एवं अन्य लोगों को एसओपी के तहत लाया जाना चाहिए।
विज्ञप्ति के अनुसार राज्यपाल ने पृथक-वास केंद्रों एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)