एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | इंग्लैंड को गिल का जवाब ढूंढना होगा: मार्क बुचर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. शुभमन गिल के तकनीकी रूप से मजबूत खेल और शांत स्वभाव ने इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्क बुचर पर काफी प्रभाव डाला है जिनका मानना ​​है कि भारतीय टेस्ट कप्तान ने ‘काफी समीक्षा’ के बावजूद विराट कोहली के चौथे नंबर के स्थान को आसानी से अपने नाम कर लिया है।

खेल की खबरें | इंग्लैंड को गिल का जवाब ढूंढना होगा: मार्क बुचर

लंदन, सात जुलाई शुभमन गिल के तकनीकी रूप से मजबूत खेल और शांत स्वभाव ने इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्क बुचर पर काफी प्रभाव डाला है जिनका मानना ​​है कि भारतीय टेस्ट कप्तान ने ‘काफी समीक्षा’ के बावजूद विराट कोहली के चौथे नंबर के स्थान को आसानी से अपने नाम कर लिया है।

भारत-इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट श्रृंखला में कमेंट्री कर रहे बुचर मेहमान टीम के बल्लेबाजों विशेषकर गिल, लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल से काफी प्रभावित हैं। ये तीनों ही बल्लेबाज 10 जुलाई से लार्ड्स में शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट से पहले शतक जड़ चुके हैं।

गिल के शानदार प्रदर्शन में तीन शतक शामिल हैं और उन्होंने सिर्फ दो टेस्ट मैच में अपने बल्लेबाजी औसत को लगभग 35 से 42 से अधिक तक पहुंचा दिया है।

बुचर ने पीटीआई से कहा कि कप्तान के तौर पर अपनी पहली श्रृंखला में गिल ने जो किया है वह बेहद खास है।

बुचर ने कहा, ‘‘विश्व खेलों में ऐसे ज्यादा काम नहीं हैं जिनमें भारतीय क्रिकेट कप्तान होने जितना दबाव और समीक्षा होती है, सही है ना? यह तो बताने की जरूरत नहीं कि आप कोहली की जगह भर रहे हैं या तेंदुलकर की जगह (दोनों ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की)।’’

इंग्लैंड के लिए 1997 से 2004 के बीच 71 टेस्ट मैच खेलने वाले इस 52 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ‘‘इसमें काफी अधिक दबाव हैं। और अब तक उन्होंने इसे काफी आसानी से अपनाया है। वह बेहद की सहज और धैर्यवान नजर आता है।’’

श्रृंखला से पहले गिल के रवैये और तकनीक पर कुछ सवाल थे लेकिन इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने चार पारियों में 585 रन बनाकर इस बहस को निकट भविष्य के लिए बंद कर दिया है।

बुचर ने कहा, ‘‘और तकनीकी रूप से उन्होंने बहुत ही खूबसूरती से खेला है। इसलिए श्रृंखला की शानदार शुरुआत हुई है। मेरा मतलब है कि हो सकता है कि इस श्रृंखला के अंत तक उनके पास कुछ रिकॉर्ड हों। उन्होंने पहले ही काफी रन बना लिए हैं। तो उनके पास क्या है? श्रृंखला में पहले ही 600 रन बना चुके हैं। यह एक अविश्वसनीय शुरुआत रही है।’’

उन्होंने भारत के कमजोर निचले क्रम का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘और इंग्लैंड को मध्य क्रम में उनका तोड़ ढूंढना होगा क्योंकि जब आप शुरुआती तीन या चार बल्लेबाजों को आउट कर देते है तो निचले क्रम को समेटना थोड़ा आसान हो जाता है।’’

बुचर राहुल से काफी प्रभावित हैं जिन्होंने पिछले 24 महीनों में बल्लेबाजी क्रम में ऊपर और नीचे दोनों जगह अच्छा प्रदर्शन किया है।

रोहित शर्मा के संन्यास के बाद जायसवाल और राहुल की सलामी जोड़ी तुरंत हिट हो गई है।

बुचर ने कहा, ‘‘मैंने राहुल को खेलते देखा है, हम इंग्लैंड में 2021 की श्रृंखला में वापस जाते हैं, और उन्होंने रोहित के साथ शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तो तकनीकी रूप से वह शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी के लिए बहुत उपयुक्त दिखता है। यह तथ्य है कि वह अब लंबे समय तक चलने वाला है, उम्मीद है कि उस स्थिति में उसका औसत बहुत जल्दी 40 से ऊपर चला जाएगा क्योंकि तकनीकी रूप से वह शानदार है।’’

बुचर ने कहा, ‘‘मुझे उसे बल्लेबाजी करते हुए देखना बहुत पसंद है। और जायसवाल एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाली प्रतिभा है। नंबर तीन भारत के लिए थोड़ा मुश्किल है। पहले टेस्ट के बाद (साई) सुदर्शन के लिए खुद को बाहर पाना थोड़ा कठिन था। और अब करुण नायर को श्रृंखला के दौरान तीन, चार असफलताएं मिलीं हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).