एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | जैमी स्मिथ की शतकीय पारी से इंग्लैंड मजबूत स्थिति में पहुंचा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ के टेस्ट करियर की पहली शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने दो मैचों श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को यहां श्रीलंका पर 122 रन की बढ़त बना ली।

खेल की खबरें | जैमी स्मिथ की शतकीय पारी से इंग्लैंड मजबूत स्थिति में पहुंचा

मैनचेस्टर, 23 अगस्त विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ के टेस्ट करियर की पहली शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने दो मैचों श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को यहां श्रीलंका पर 122 रन की बढ़त बना ली।

स्मिथ ने 148 गेंद की पारी में एक छक्का और आठ चौके की मदद से 111 रन बनाये जिससे श्रीलंका के 236 रन के जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 358 रन पर सिमटी।  

इंग्लैंड की टीम लंच से कुछ देर पहले आउट हुई, जिसके बाद उनके गेंदबाजों ने 10 रन पर दो विकेट चटकाकर श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ा दी। श्रीलंका की टीम अब भी इंग्लैंड से 112 रन पीछे है।

क्रिस वोक्स ने निशान मदुशंका को खाता खोले बिना बोल्ड किया जबकि कुसल मेंडिस भी बिना कोई योगदान दिये गट एटकिंसन की गेंद पर विकेट के पीछे स्मिथ को कैच थमा बैठे।

बेन फॉक्स और जॉनी बेयरस्टो जैसे अनुभवी नामों की जगह टीम में जगह पाने वाले 24 साल के स्मिथ ने अपने चयन को सही साबित किया। उन्होंने विकेट के पीछे अपने काम से प्रभावित करने के साथ बल्ले से भी बेहतरीन योगदान दिया।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले महीने टेस्ट श्रृंखला में 3-0 की जीत के दौरान 70 और 95 रन की पारी खेलने वाले स्मिथ ने अपने चौथे टेस्ट में इस प्रारूप का पहला शतक जड़ा। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ सूझबूझ दिखाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 259 रन की की। बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज स्मिथ और एटकिंसन (20) ने सातवें विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। मैथ्यू पॉट्स (17) और मार्क वुड (22) ने भी बल्ले से उपयोगी योगदान दिये।

असिथा फर्नांडो श्रीलंका के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, उन्होंने 103 रन देकर चार विकेट लिये।

लंच के विश्राम के समय खेल रोके जाते समय दिमुथ करुणारत्ने (नाबाद 04) और एंजोलो मैथ्यूज (नाबाद 06) क्रीज पर मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2024 07:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).