देश की खबरें | प्रवर्तन निदेशालय ने अभिषेक बनर्जी से नौ घंटे की पूछताछ

कोलकाता, 13 सितंबर पश्चिम बंगाल में कथित स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी से नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।

पूछताछ के बाद यहां ईडी कार्यालय से बाहर निकले बनर्जी ने आरोप लगाया कि ‘‘ईडी के अधिकारी राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए मुझसे पूछताछ कर रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी पार्टी को विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में अपनी भूमिका निभाने से रोकना चाहती है।

बनर्जी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुझे उस दिन पेश होने को कहा, जिस दिन विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की समन्वय समिति की बैठक हुई।

उन्होंने कहा कि ईडी का समन मुझे ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शामिल होने से रोकने के लिए था।

अधिकारियों ने बताया कि टीएमसी महासचिव से एजेंसी के अधिकारियों ने पूर्वाह्न 11:30 बजे से लेकर रात्रि 8:40 बजे तक पूछताछ की।

ईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘बनर्जी को स्कूल भर्ती में कथित अनियमितताओं के संबंध में साक्ष्य प्रदान करने के लिए बुलाया गया था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)