जरुरी जानकारी | एमिरेट्स एयरलाइन ने भारत के लिए सीटें बढ़ाने की मांग रखी

इस्तांबुल, छह जून खाड़ी क्षेत्र की प्रमुख विमानन कंपनी एमिरेट्स एयरलाइन के अध्यक्ष सर टिम क्लार्क ने मंगलवार को भारत के साथ द्विपक्षीय उड़ान अधिकारों में बढ़ोतरी की वकालत करते हुए कहा कि पिछले आठ साल में भारतीय अर्थव्यवस्था की तीव्र वृद्धि के बावजूद उसकी सीटें नहीं बढ़ी हैं।

दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाले विमानन बाजारों में शामिल भारत में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए खाड़ी देशों की एयरलाइन कंपनियां द्विपक्षीय उड़ान अधिकारों में बढ़ोतरी की मांग करती रही हैं। ऐसा होने से वे भारत के लिए अधिक उड़ानों का संचालन कर पाएंगी। हालांकि, भारत सरकार द्विपक्षीय उड़ान अधिकारों में बढ़ोतरी के पक्ष में नहीं है।

अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन सम्मेलन (आईएटीए) में शिरकत करने आए क्लार्क ने यहां संवाददाताओं से कहा कि एमिरेट्स की भारत के लिए उड़ानों में वर्ष 2015 से अबतक कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है जबकि इस अवधि में भारत की अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से बढ़ी है।

एमिरेट्स भारत के नौ शहरों से खाड़ी देशों के लिए उड़ानें संचालित करती है। वह हफ्ते में भारत के लिए 160 से अधिक उड़ानें संचालित करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लिए और भारत से जाने वाली उड़ानों की मांग पहुंच नीति की वजह से संकुचित हो रही है। मुझे नहीं लगता है कि इससे किसी को भी लाभ हो रहा है।’’

हालांकि, सरकार का नजरिया इससे अलग है। नागर विमानन सचिव राजीव बंसल ने गत मार्च में कहा था कि भारत की पश्चिम एशियाई देशों की एयरलाइंस को नई सीटें आवंटित करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

(संवाददाता आईएटीए के आमंत्रण पर इस्तांबुल में है)

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)