एजेंसी न्यूज

IND vs SA 1st Test Day 2 Stumps: दूसरे दिन का खेल हुआ खत्म, साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर 256 रन बनाए; डीन एल्गर ने जड़ा शतक

राहुल ने सुबह के सत्र में कुछ आकर्षक शॉट खेले। उन्होंने कागिसो रबादा (59 रन पर पांच विकेट) पर चौका जड़ने के बाद इस तेज गेंदबाज पर स्क्वायर लेग पर छक्के के साथ 90 रन के स्कोर को पार किया. राहुल ने गेराल्ड कोएट्जी (74 रन पर एक विकेट) पर अपने चौथे छक्के के साथ शतक पूरा किया.

IND vs SA 1st Test Day 2 Stumps: दूसरे दिन का खेल हुआ खत्म, साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर 256 रन बनाए; डीन एल्गर ने जड़ा शतक
टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका (Photo Credits: Twitter)

सेंचुरियन: लोकेश राहुल के शानदार शतक के बाद जल्द ही संन्यास लेने वाले सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर ने पलटवार करते हुए नाबाद शतक जड़ा जिससे दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन बुधवार को यहां पांच विकेट पर 256 रन के साथ 11 रन की बढ़त बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली. राहुल ने असमान उछाल वाली पिच पर 137 गेंद में 101 रन की पारी खेली जिससे भारत ने पहली पारी में 245 रन बनाए.

दक्षिण अफ्रीका ने इसके जवाब में बाएं हाथ के बल्लेबाज एल्गर (211 गेंद में नाबाद 140, 23 चौके) और पदार्पण कर रहे डेविड बेडिंगहम (87 गेंद में 56 रन, सात चौके, दो छक्के) के बीच चौथे विकेट की 131 रन की साझेदारी से बढ़त हासिल करके अपना पलड़ा भारी रखा. Virat Kohli Magic At Centurion: सेंचुरियन में विराट कोहली ने बेल्स के साथ किया कुछ ऐसा मैजिक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

स्टंप के समय मार्को यानसन तीन रन बनाकर एल्गर का साथ निभा रहे थे. एल्गर मौजूदा टेस्ट श्रृंखला के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं. गेंदबाजी की अनुकूल पिच पर भारतीय गेंदबाज असरहीन नजर आए.

जसप्रीत बुमराह (48 रन पर दो विकेट) और मोहम्मद सिराज (63 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने दबाव बनाया लेकिन तीसरे और चौथे तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में उतरे शारदुल ठाकुर (बिना विकेट के 57 रन) और पदार्पण कर रहे प्रसिद्ध कृष्णा (61 रन पर एक विकेट) ने दिशाहीन गेंदबाजी की जिसका दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया। शारदुल और प्रसिद्ध गेंदबाजी की अनुकूल पिच पर प्रभावहीन नजर आए और दोनों ने बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने के मौके दिए.

सिराज ने ऐडन मार्कराम (05) को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराके भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई. एल्गर और टोनी डिजॉर्जी (28) ने हालांकि तीसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़कर मेजबान टीम की स्थिति मजबूत की. बुमराह ने डिजॉर्जी को तीसरी स्लिप में यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराके इस साझेदारी का अंत किया.

भारत के पिछले दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले कीगन पीटरसन सिर्फ दो रन बनाकर बुमराह की गेंद को विकेटों पर खेल गए जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन हो गया. एल्गर ने हालांकि स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की. उन्होंने शॉर्ट गेंद के खिलाफ कट और पुल शॉट खेले.

बेडिंगहम ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए प्रसिद्ध और शारदुल पर छक्के मारे. एल्गर ने शारदुल की नोबॉल पर चौके के साथ 140 गेंद में भारत के खिलाफ दूसरा और करियर का 14वां टेस्ट शतक पूरा किया. चाय के बाद बेडिंगहम ने बुमराह के चार ओवर में तीन चौके मारे. उन्होंने प्रसिद्ध की गेंद पर एक रन के साथ 80 गेंद में पदार्पण टेस्ट में अर्धशतक पूरा किया.

बेडिंगहम ने सिराज पर भी चौका जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया. काइल वेरिने (04) ने सिराज पर चौके के साथ खाता खोला और साथ ही टीम को बढ़त दिलाई लेकिन अगले ओवर में प्रसिद्ध की बाउंसर पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे. मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर वेरिने को पवेलियन लौटना पड़ा. इसके बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा जो दोबारा शुरू नहीं हो पाया.

कप्तान तेंबा बावुमा कल क्षेत्ररक्षण करते हुए पैर में चोट लगा बैठे थे जिसके कारण अभी बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे हैं. इससे पहले राहुल ने दिन की शुरुआत नाबाद 70 रन से करते हुए शतक जड़ा. उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और चार छक्के मारे तथा अपने करियर का आठवां टेस्ट शतक जड़ा. वह आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे. अगर मुश्किल हालात पर गौर करें तो सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में किसी भारतीय बल्लेबाज की यह सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है.

कोई विदेशी बल्लेबाज सुपर स्पोर्ट पार्क पर दो टेस्ट शतक नहीं लगा पाया है और अब यह विशिष्ट रिकॉर्ड राहुल के नाम है. राहुल की यह पारी इसलिए भी काबिले तारीफ है क्योंकि इसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था.

राहुल ने सुबह के सत्र में कुछ आकर्षक शॉट खेले। उन्होंने कागिसो रबादा (59 रन पर पांच विकेट) पर चौका जड़ने के बाद इस तेज गेंदबाज पर स्क्वायर लेग पर छक्के के साथ 90 रन के स्कोर को पार किया. राहुल ने गेराल्ड कोएट्जी (74 रन पर एक विकेट) पर अपने चौथे छक्के के साथ शतक पूरा किया. उन्होंने सिराज (22 गेंद में पांच रन) के साथ नौवें विकेट के लिए 47 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

कोएट्जी ने सिराज को विकेटकीपर काइल वेरिने के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा. राहुल शतक पूरा करने के तुरंत बाद नांद्रे बर्गर (50 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर बोल्ड हो गए जिससे भारतीय पारी का अंत हुआ.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 27, 2023 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).