देश की खबरें | ओडिशा में मुंडाली बैराज के पास फंसा हाथी, बचाव अभियान जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महानदी नदी पार करने की कोशिश कर रहा एक हाथी शुक्रवार को बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बहकर कटक शहर के पास मुंडाली बैराज के समीप फंस गया। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कटक, 24 सितंबर महानदी नदी पार करने की कोशिश कर रहा एक हाथी शुक्रवार को बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बहकर कटक शहर के पास मुंडाली बैराज के समीप फंस गया। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग, ओडीआरएएफ और दमकल सेवाओं ने हाथी को बचाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
यह हाथी शुक्रवार की सुबह महानदी नदी पार कर रहे करीब 11 हाथियों के झुंड का हिस्सा था। जब हाथी नदी पार कर रहे थे, तब यह हाथी तेज धार की चपेट में आ गया। हाथियों का झुंड महानदी के अथागढ़ प्रखंड के नुसासन छोर से चंडाका वन की ओर दूसरे छोर की तरफ बढ़ रहा था।
उसके चिंघाड़ने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने जानवर को देखा और तुरंत दमकल कर्मियों को सूचित किया।
अथागढ़ रेंजर, आयशा निशा ने कहा, "इस हाथी को छोड़कर सभी नदी पार करने में सक्षम रहे। घटनास्थल के पास जल स्तर बहुत अधिक है। हम हाथी को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।"
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, हाथी को बचाने के लिए ओडिशा आपदा त्वरित कार्य बल (ओडीआरएएफ) के छह कर्मियों को ले जा रही एक रबर की नाव नदी के बीच में पलट गई। वन अधिकारियों के साथ दमकलकर्मी अब हाथी की जगह ओडीआरएएफ टीम के सदस्यों को बचाने में लगे हैं। ओडीआरएएफ टीम के कुछ सदस्यों को नदी से बाहर निकाला जा रहा है।
इससे पहले चांडका के वरिष्ठ वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाथी को बचाने के लिए 'ऑपरेशन गज' शुरू किया। वन अधिकारियों ने हाथी को पानी से बाहर निकालने के लिए मजबूत रस्सियों के अलावा एक क्रेन तैयार कर रखी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)