देश की खबरें | नीट-यूजी में बिजली गुल : मप्र उच्च न्यायालय ने प्रभावित उम्मीदवारों की दोबारा परीक्षा पर रोक लगाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने चिकित्सा क्षेत्र के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चार मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) के दौरान इंदौर और उज्जैन में बिजली गुल हो जाने से प्रभावित उम्मीदवारों की दोबारा परीक्षा लिए जाने पर मंगलवार को रोक लगा दी।
इंदौर, एक जुलाई मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने चिकित्सा क्षेत्र के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चार मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) के दौरान इंदौर और उज्जैन में बिजली गुल हो जाने से प्रभावित उम्मीदवारों की दोबारा परीक्षा लिए जाने पर मंगलवार को रोक लगा दी।
इन उम्मीदवारों के एक वकील के मुताबिक उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति विवेक रुसिया और न्यायमूर्ति बिनोद कुमार द्विवेदी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की अपील पर सभी संबद्ध पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश दिया।
एनटीए ने उच्च न्यायालय की एकल पीठ के 23 जून के उस आदेश चुनौती दी थी जिसमें नीट-यूजी के दौरान इंदौर और उज्जैन के कुछ परीक्षा केंद्रों पर बिजली गुल हो जाने से प्रभावित उम्मीदवारों की दोबारा परीक्षा लिए जाने के लिए कहा गया था।
नीट-यूजी परीक्षा के प्रभावित उम्मीदवारों के वकील मृदुल भटनागर ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘सुनवाई के बाद युगल पीठ ने आदेश दिया है कि जब तक इस मामले में दायर अपील पर फैसला नहीं हो जाता, तब तक एकल पीठ के 23 जून के आदेश पर रोक रहेगी। इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 जुलाई की तारीख तय की गई है।’’
इससे पहले, उच्च न्यायालय में एनटीए की ओर से पैरवी करते हुए भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने युगल पीठ से गुहार की कि अंतरिम राहत के तौर पर एकल पीठ के 23 जून के आदेश पर रोक लगा दी जाए।
मेहता ने कहा कि नीट-यूजी में देश भर में करीब 22 लाख उम्मीदवार बैठे जिनमें इंदौर के 49 परीक्षा केंद्रों के 27,264 विद्यार्थी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इंदौर के कुछ केंद्रों में 10 से 15 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन वहां सूर्य की पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी थी और विशेषज्ञों की एक समिति इस नतीजे पर पहुंची है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से इन केंद्रों के उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ा।
मेहता ने इस बात पर बल दिया कि इंदौर में बिजली आपूर्ति बाधित होने से जुड़े एक केंद्र के एक उम्मीदवार ने नीट-यूजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर दूसरी रैंक हासिल की है।
उन्होंने यह दलील भी दी कि अगर बिजली आपूर्ति बाधित होने से जुड़े केंद्रों से संबंधित उम्मीदवारों की फिर से नीट-यूजी परीक्षा ली जाएगी, तो इसके सवालों की कठिनता का स्तर पिछली परीक्षा के मुकाबले अलग होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 07:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

