देश की खबरें | चमोली में एसटीपी प्लांट में बिजली का करंट दौड़ा, 16 लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित एक जल-मल शोधन संयंत्र (एसटीपी) में बिजली का करंट फैल जाने से 16 लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

गोपेश्वर/देहरादून, 19 जुलाई उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित एक जल-मल शोधन संयंत्र (एसटीपी) में बिजली का करंट फैल जाने से 16 लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि इनमें से एक की मृत्यु मंगलवार रात को करंट फैलने के बाद उसकी चपेट में आकर हुई। उन्होंने बताया कि अलकनंदा नदी के किनारे नमामि गंगे परियोजना के तहत बने एसटीपी में कार्यरत उक्त व्यक्ति के पंचनामे के दौरान बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे फिर से एसटीपी की रेलिंग में करंट दौड़ गया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों समेत मृतक के कुछ रिश्तेदार इसकी चपेट में आ गए।

उन्होंने बताया कि करंट इतना तेज था कि कई लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

डोबाल ने बताया कि बुधवार को 15 लोगों की मौत हुई जिनमें एक पुलिस उपनिरीक्षक प्रदीप रावत और होमगार्ड के तीन जवान शामिल हैं।

प्लांट की रेलिंग में बिजली का करंट फैलने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थिति का जायजा लेने तथा हादसे से पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि अविलंब देने का निर्देश दिया है।

धामी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है और कहा कि हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने अपर जिलाधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी को जांच अधिकारी नामित करते हुए उन्हें एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने त्रिपाठी को अपनी जांच में दुर्घटना के कारणों और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने और उन्हें रोकने के लिए उपाय व सुझावों को भी शामिल करने को कहा है।

चमोली के मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने बताया कि घायलों को हेलिकाप्टर से एम्स, ऋषिकेश भेजा जा रहा है।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी फोन पर मुख्यमंत्री से घटना के विषय में जानकारी ली।

उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि इसमें पुलिस एक उपनिरीक्षक और तीन होमगार्ड जवानों की मृत्यु हुई है।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\