नयी दिल्ली, 22 दिसंबर सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि व्यक्तिगत गोपनीय राजनीतिक चंदे की वर्तमान 20,000 रुपये की राशि को घटा कर 2000 रुपये तक ही सीमित करने के चुनाव आयोग के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।
कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित्त उत्तर में बताया कि चुनाव आयोग ने निजी गोपनीय राजनीतिक चंदे की राशि घटा कर 2000 रुपये करने का प्रस्ताव दिया है जिस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह राशि 20,000 रुपये है।
उनसे पूछा गया कि क्या चुनाव आयोग के प्रस्ताव पर सभी राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श किया गया है। इस पर मंत्री ने जवाब दिया ‘‘नहीं।’’
कानून मंत्री से यह भी पूछा गया था कि क्या चुनाव आयोग ने नकद राजनीतक चंदे की सीमा 20 प्रतिशत या अधिकतम 20 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया है।
रीजीजू ने कहा "प्रस्ताव का अध्ययन किया जा रहा है।"
इस साल सितंबर में, चुनाव आयोग ने काले धन के चुनावी चंदे को समाप्त करने के लिए गोपनीय राजनीतिक चंदे को 20,000 रुपये से घटाकर 2,000 रुपये करने और नकद चंदे को 20 प्रतिशत या अधिकतम 20 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया था।
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कानून मंत्री रीजीजू को पत्र लिखकर जनप्रतिनिधित्व (आरपी) अधिनियम में कई संशोधनों की सिफारिश की थी।
आयोग द्वारा दिये गये प्रस्तावों का उद्देश्य राजनीतिक दलों द्वारा चंदा लेने की प्रक्रिया में तथा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने वाले उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले खर्च में सुधार और पारदर्शिता लाना था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY