देश की खबरें | चुनाव आयोग की टीम बृहस्पतिवार से हिमाचल, गुजरात के दौरे पर जाएगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए चुनाव आयोग का दल बृहस्पतिवार से हिमाचल प्रदेश और गुजरात का दौरा करेगा और दोनों राज्यों में चुनाव तंत्र की तैयारी का आकलन करेगा।

नयी दिल्ली, 21 सितंबर आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए चुनाव आयोग का दल बृहस्पतिवार से हिमाचल प्रदेश और गुजरात का दौरा करेगा और दोनों राज्यों में चुनाव तंत्र की तैयारी का आकलन करेगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे बृहस्पतिवार से हिमाचल प्रदेश के तीन-दिवसीय दौरे पर होंगे। वे राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारियों से मिलकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए कुमार और पांडे के सोमवार को गुजरात दौरे पर जाने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः आठ जनवरी, 2023 और 23 फरवरी, 2023 को समाप्त होगा और आयोग किसी सदन के पांच साल के कार्यकाल की समाप्ति के छह महीने के भीतर कभी भी चुनाव करा सकता है।

चुनाव आयोग के लिए चुनावों की घोषणा से पहले चुनावी राज्यों का दौरा करना आम बात है।

वर्ष 2017 में, हिमाचल प्रदेश में नौ नवंबर को मतदान हुआ था, जबकि गुजरात में दो चरणों में (नौ दिसंबर और 14 दिसंबर) मतदान कराया गया था।

पिछले पांच वर्षों में, कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि आम आदमी पार्टी (आप) देश में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की योजना के तहत गुजरात में भी चुनावों की तैयारी में जुट गयी है।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने 2017 में कांग्रेस को हराकर सत्ता में वापसी की थी। कांग्रेस पहाड़ी राज्य में भाजपा को चुनौती देने के लिए कमर कस रही है, वहीं आप भी वहां पैर जमाने की कोशिश कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now