निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा: मुसलमानों के बारे में मोदी की टिप्पणी पर विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को कहा कि यह ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि निर्वाचन आयोग (ईसी) कथित रूप से मुसलमानों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान के संबंध में निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा.
कन्नूर (केरल), 23 अप्रैल : केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को कहा कि यह ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि निर्वाचन आयोग (ईसी) कथित रूप से मुसलमानों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान के संबंध में निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा. विजयन ने तर्क दिया कि ऐसी स्थिति में निर्वाचन आयोग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन वह इस मामले पर अब तक चुप है. उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह अफसोस की बात है. निर्वाचन आयोग को यह दिखाना चाहिए था कि वह निष्पक्ष है. इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी.’’
विजयन ने कहा कि यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे उच्चतम न्यायालय के सामने उठाना होगा. उन्होंने साथ ही दावा किया कि प्रधानमंत्री के ऐसे बयानों से देश में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) विरोधी भावना मजबूत हो रही है तथा भाजपा और भी अलग-थलग पड़ जाएगी. यह भी पढ़ें : Mumbai:सूरत में बीजेपी उम्मीदवार के निर्विरोध जीतने पर राउत का निशाना,कहा – यह चंडीगढ़ पैटर्न है,लोकतंत्र का वस्त्र हरण कर लिया है -Video
मोदी ने रविवार को राजस्थान के बांसवाड़ा में एक चुनावी रैली के दौरान कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो वह लोगों की संपत्ति मुसलमानों में बांट देगी. प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोगों की मेहनत की कमाई और संपत्ति ‘‘घुसपैठियों’’ और ‘‘जिनके अधिक बच्चे हैं’’ उन्हें देने की योजना बनाई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 11:58 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

