देश की खबरें | निर्वाचन आयोग मिजो भावनाओं का सम्मान नहीं करता : कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य विधानसभा चुनाव की मतगणना की तारीख कई अपील के बावजूद नहीं बदलने को लेकर सोमवार को निर्वाचन आयोग की आलोचना की और कहा कि यह मिजो भावनाओं का सम्मान नहीं करती है।

आइजोल, 20 नवंबर मिजोरम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य विधानसभा चुनाव की मतगणना की तारीख कई अपील के बावजूद नहीं बदलने को लेकर सोमवार को निर्वाचन आयोग की आलोचना की और कहा कि यह मिजो भावनाओं का सम्मान नहीं करती है।

प्रदेश कांग्रेस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि उसने और अन्य राजनीतिक दलों ने तीन दिसबंर को होने वाली मतगणना की तारीख में बदलाव करने के लिए कई अपील की है क्योंकि यह रविवार का दिन है, जो मिजोरम में ईसाई समुदाय के लिए एक पवित्र दिन है।

विज्ञप्ति में, इस मुद्दे पर निर्वाचन आयोग पर चुप्पी साधने और ‘‘मिजो लोगों की भावनाओं का अनादर’’ करने का आरोप लगाया गया है।

इसमें कहा गया है कि कांग्रेस को लगता है कि मिजोरम में ‘अन्याय’ हो रहा है क्योंकि आयोग ने हिंदुओं के एक त्योहार के कारण राजस्थान में मतदान की तारीख बदल दी, जबकि इसने पूर्वोत्तर के राज्य में किए गए इसी तरह के अनुरोध को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया, ‘‘निर्वाचन आयोग को मिजो लोगों की भावनाएं आहत होने की परवाह नहीं है। यह जानबूझ कर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।’’

पिछले हफ्ते, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मधुप व्यास ने कहा था कि आयोग मिजोरम में मतगणना की तारीख में बदलाव नहीं करेगा।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, मिजोरम की आबादी में करीब 87 प्रतिशत ईसाई समुदाय के लोग हैं।

इस बीच, नागरिक संस्थाओं और छात्र संगठनों के समूह मिजोरम एनजीओ समन्वय समिति ने मतगणना की तारीख में बदलाव नहीं किये जाने पर व्यापक विरोध प्रदर्शन करने की धमकी दी है।

राज्य की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात नवंबर को मतदान हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now