देश की खबरें | निर्वाचन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर के मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट देने की अपील की

नयी दिल्ली, 24 मई निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं से लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को बड़ी संख्या में वोट देने की अपील की।

आयोग ने 20 मई को पांचवें चरण का मतदान संपन्न होने के बाद कहा था कि मुंबई, ठाणे, नासिक और लखनऊ जैसे विभिन्न शहरों के निर्वाचन क्षेत्रों में 2019 के चुनाव की तरह ही मतदान के प्रति शहरी मतदाताओं की उदासीनता रही।

निर्वाचन आयोग ने छठे चरण के चुनाव की तैयारी के सिलसिले में शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं को उनके मताधिकारों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।

इस सप्ताह की शुरूआत में भी, आयोग ने उल्लेख किया था कि मुंबई, ठाणे और लखनऊ में मतदाता अतीत में मतदान के प्रति उदासीन रहे हैं तथा उसने इन शहरों में रह रहे लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

आयोग ने तीन मई को, दूसरे चरण के चुनाव के मतदान प्रतिशत का संदर्भ देते हुए कहा था कि कुछ महानगरों में मत प्रतिशत से वह निराश है।

आयोग ने पिछले महीने कई शहरों के आयुक्तों की यहां एक बैठक की थी ताकि शहरी मतदाताओं की मतदान के प्रति उदासीनता को दूर करने की रणनीति पर काम किया जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)