देश की खबरें | बुजुर्ग कांग्रेस विधायक ने दावणगेरे से भाजपा उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वरा पर अभद्र टिप्पणी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दावणगेरे दक्षिण से कांग्रेस विधायक एवं शिक्षाविद् शमनूर शिवशंकरप्पा ने निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वरा पर यह टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि वह केवल "खाना बनाने के लिए उपयुक्त" हैं।

दावणगेरे (कर्नाटक), 30 मार्च दावणगेरे दक्षिण से कांग्रेस विधायक एवं शिक्षाविद् शमनूर शिवशंकरप्पा ने निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वरा पर यह टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि वह केवल "खाना बनाने के लिए उपयुक्त" हैं।

शिवशंकरप्पा (92) ने यह भी कहा कि गायत्री "ठीक से बोल भी नहीं सकती हैं और उन्हें वोट मांगने से पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र को समझना चाहिए"।

उन्होंने हाल में बंट्स भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वह ठीक से बोल भी नहीं पातीं। वह घर में खाना बनाने के लिए उपयुक्त हैं। लोकसभा चुनाव में जनता का समर्थन मांगने से पहले उन्हें दावणगेरे की समस्याओं को समझना चाहिए।''

बुजुर्ग विधायक ने कहा, ''वह मतदाताओं से लोकसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने के लिए कह रही हैं ताकि वह मोदी को कमल प्रस्तुत कर सकें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी को कमल भेजने से दावणगेरे का विकास नहीं होता और विकास कार्य पहले होना चाहिए।’’

गायत्री ने शिवशंकरप्पा की टिप्पणी पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि ऐसा लगता है कि 'अज्जा' (बुजुर्ग व्यक्ति) को पता नहीं है कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा, "शमनूर शिवशंकरप्पा ने अपनी टिप्पणियों से महिलाओं का अपमान किया है। क्या हम केवल रसोई तक ही सीमित हैं?"

गायत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण को महत्व दिया है। लेकिन ये लोग महिलाओं का अपमान करते रहते हैं।"

शिवशंकरप्पा की टिप्पणी को लेकर विभिन्न हलकों में कड़ी आलोचना हुई।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने कहा, ‘‘महिला को रसोई तक ही सीमित रहना चाहिए- यह कहना है कर्नाटक के एक शीर्ष नेता शमनूर शिवशंकरप्पा जी का। दावणगेरे से भाजपा की उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वर जी पर इस तरह की लैंगिक टिप्पणी की उस पार्टी से उम्मीद नहीं की जा सकती जो कहती है, 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं।’’

साल 2020 में भाजपा में शामिल हुईं साइना ने कहा कि उन्होंने खेल के मैदान पर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदक जीते है, ऐसे में कांग्रेस उनके लिए क्या (कार्य) पसंद करेगी।

साइना ने कहा, "ऐसा क्यों कहा जाए जब सभी लड़कियां और महिलाएं अपनी पसंद के किसी भी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सपना देखती हैं... एक तरफ हम 'नारी शक्ति को वंदन' कर रहे हैं। महिला आरक्षण विधेयक हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पारित किया गया है। दूसरी ओर, 'नारी शक्ति का अपमान' और स्त्री द्वेषी लोग... वास्तव में यह परेशान करने वाला है।''

भाजपा नेता शाइना चुडास्मा मुनोत ने कहा, ‘‘चाहे एस शिवशंकरप्पा हों या कांग्रेस, ये सभी महिला विरोधी हैं। भारतीय महिलाएं वैज्ञानिक, पायलट आदि बनने के योग्य हैं...(जब) कांग्रेस 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' जैसे अभियान चलाती है, तो प्रियंका गांधी वाद्रा और सोनिया गांधी अब चुप क्यों हैं?’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान