एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हिमाचल के मंडी में बस के खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत, 21 घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक सरकारी बस सड़क से फिसलकर 100 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में चार महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | हिमाचल के मंडी में बस के खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत, 21 घायल

मंडी (हिमाचल प्रदेश), 24 जुलाई हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक सरकारी बस सड़क से फिसलकर 100 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में चार महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना मसेरन के निकट तरंगला में उस समय हुई जब हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सरकाघाट से जिले के दुर्गापुर जा रही थी। बस में चालक और परिचालक सहित 29 लोग सवार थे।

पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को सरकारी अस्पताल सरकाघाट, दो को राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक और एक को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि 17 घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक, एम्स बिलासपुर और आरकेजीएमसी हमीरपुर में इलाज जारी है, जबकि चार घायलों का सरकारी अस्पताल सरकाघाट में इलाज किया जा रहा है।

हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मंडी की पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी वर्मा ने बताया कि स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस टीमों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और पीड़ितों को बाहर निकाला।

घटनास्थल पर मौजूद वर्मा ने बताया कि दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एम्स बिलासपुर में घायलों से मुलाकात की। अग्निहोत्री के पास परिवहन विभाग का भी प्रभार है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और मंडी जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस बीच मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2025 06:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).