एजेंसी न्यूज

गोवा में कोविड-19 के आठ नये मामले

राणे ने कहा कि जहाज पर तैनात रहे एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को त्वरित जांच में संक्रमित पाया गया और उसका नमूना पूर्ण पुष्टि के लिए एक प्रयोगशाला में भेजा गया है।

गोवा में कोविड-19 के आठ नये मामले
जमात

पणजी, 14 मई गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक महीने से अधिक समय तक कोविड-19 से मुक्त रहने के बाद पिछले दो दिनों में गोवा में संक्रमण के आठ नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से एक व्यक्ति एक जहाज के चालक दल का सदस्य है।

राणे ने कहा कि जहाज पर तैनात रहे एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को त्वरित जांच में संक्रमित पाया गया और उसका नमूना पूर्ण पुष्टि के लिए एक प्रयोगशाला में भेजा गया है।

इससे पहले राज्य में सात लोगों को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया, जिनमें एक ही परिवार के पांच सदस्य और एक वर्षीय एक लड़की शामिल है।

राणे ने कहा कि मुंबई में 14 दिनों तक पृथकवास में रहने के बाद बृहस्पतिवार को चालक दल के सदस्य राज्य में पहुंचे।

उन्होंने ट्वीट किया गोवा के निवासी जो 14 दिनों से मुंबई में पृथकवास में थे, मुंबई में जांच में संक्रमित नहीं पाए जाने के बाद आज सुबह गोवा पहुंचा।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके आगमन पर, उनकी ट्रूयूनेट (तीव्र) के माध्यम से जांच की गई और उनकी प्रारंभिक नमूने की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। हालांकि, पूर्ण पुष्टि के लिए उनके नमूने को जीएमसी (गोवा मेडिकल कॉलेज) के विषाणु विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।

सात लोगों को बुधवार को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया था।

राणे ने कहा कि तीन महिलाओं सहित सात लोगों को कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिए निर्धारित अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सात रोगियों में गोवा के एक ही परिवार के पांच सदस्य और उनका चालक शामिल है, जो मुंबई से यहां आए थे।

कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए परिवार के पांच सदस्यों में से एक वर्षीय एक लड़की भी शामिल है।

अधिकारी ने बताया कि संक्रमित पाया गया सातवां व्यक्ति एक ट्रक चालक है, जो हाल ही में गुजरात से सामान की आपूर्ति करने यहां आया था।

गोवा में इससे पहले कोविड-19 का आखिरी मामला तीन अप्रैल को सामने आया था।

गोवा में पहले सामने आए कोविड-19 के सभी सात रोगियों के ठीक होने के बाद एक मई को राज्य को ग्रीन जोन घोषित किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 07:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).