देश की खबरें | महाराष्ट्र के भंडारा में आयुध निर्माणी में विस्फोट से आठ लोगों की मौत, पांच घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह आयुध निर्माणी की एक इकाई में हुए विस्फोट में आठ श्रमिकों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भंडारा, 24 जनवरी पूर्वी महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह आयुध निर्माणी की एक इकाई में हुए विस्फोट में आठ श्रमिकों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिले के एक अधिकारी ने बताया कि लगभग आठ घंटे के बाद बचाव अभियान पूरा होने पर मरने वालों की अंतिम संख्या आठ है।

विस्फोट इतना भीषण था कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ वह पूरी तरह से नष्ट हो गई। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि आसपास के तीन गांवों के निवासियों को जमीन हिलती हुई महसूस हुई। उसने कहा कि मृतकों में उसका 20 वर्षीय चचेरा भाई भी शामिल है।

विस्फोट के तुरंत बाद ली गईं तस्वीरों में घटनास्थल के ऊपर धुएं का एक बड़ा गुबार उठता दिखा।

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब 10.30 बजे जवाहर नगर स्थित फैक्टरी के एलटीपी खंड में हुआ।

जिलाधिकारी संजय कोल्टे ने पीटीआई- को बताया कि विस्फोट के समय संबंधित इकाई में 13 लोग काम कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now