देश की खबरें | कर्नाटक में हार के बाद शाह ने कहा, राज्य के लोगों के कल्याण और विकास के लिए प्रयास जारी रहेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य के लोगों के कल्याण और विकास के लिए प्रयास जारी रखेगी।
नयी दिल्ली, 13 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य के लोगों के कल्याण और विकास के लिए प्रयास जारी रखेगी।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भाजपा को इतने वर्षों तक सेवा करने का मौका देने के लिए मैं कर्नाटक के लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा कर्नाटक के लोगों के कल्याण और विकास के लिए प्रयास करती रहेगी।’’
कर्नाटक में भाजपा के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर कांग्रेस ने शनिवार को स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। कांग्रेस 224 सदस्यीय विधानसभा में 131 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है, जबकि पांच सीट पर वह बढ़त बनाए हुए है। बढ़त वाली सीट को भी वह जीत लेती है, तो वह 136 के आंकड़े तक पहुंच सकती है। वर्ष 1989 के विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में यह कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत होगी।
भाजपा ने अभी तक 61 सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि 04 सीट पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। इस प्रकार वह 65 सीट पर सिमटती दिख रही है। जनता दल (सेक्युलर) ने 19 सीट पर जीत दर्ज की है।
शाह ने उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर राज्य इकाई को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के कल्याणकारी कार्यों पर मुहर है।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर सभी कार्यकर्ताओं, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उनकी पूरी टीम को बधाई। यह विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में योगी आदित्यनाथ की सरकार के जनकल्याण के कार्यों पर मुहर है। भाजपा पर निरंतर विश्वास के लिए जनता का ह्रदय से आभार।’’
भाजपा ने राज्य के 17 नगर निगमों में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ विजय प्राप्त की है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)