देश की खबरें | इंडोनेशिया, सेशेल्स में हिरासत में लिये गये भारतीय मछुआरों को वापस लाने के प्रयास जारी : जयशंकर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि इंडोनेशिया और सेशेल्स में हिरासत में लिये गये 13 भारतीय मछुआरों को वापस लाने के लिए भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रयास कर रहे हैं।

तिरुवनंतपुरम, 23 अप्रैल विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि इंडोनेशिया और सेशेल्स में हिरासत में लिये गये 13 भारतीय मछुआरों को वापस लाने के लिए भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रयास कर रहे हैं।

केरल के लोकसभा सांसद अदूर प्रकाश को लिखे पत्र में विदेश मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के पांच और केरल के तीन मछुआरों और उनके मछली पकड़ने वाली नौका को सात-आठ मार्च की रात आसेह की समुद्री पुलिस ने व्यापार परमिट के बिना इंडोनेशियाई जल में मछली पकड़ने के लिए हिरासत में लिया था।

अदूर प्रकाश ने गत 16 मार्च को शून्यकाल के दौरान निचले सदन में यह मुद्दा उठाया था।

जयशंकर ने कहा कि केरल और तमिलनाडु के अधिकारियों ने सभी आठ मछुआरों की भारतीय नागरिकता की पुष्टि की है। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने मछुआरों से मुलाकात भी की है और वे स्वस्थ हैं।

मंत्री ने 19 अप्रैल को लिखे अपने पत्र में कहा है, ''उचित भोजन, कपड़े और स्वच्छता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हमारा महावाणिज्य दूतावास भी स्थानीय अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क में है। वे इन मछुआरों के भारत वापस भेजने सहित सभी कानूनी प्रक्रियाओं पर स्थानीय अधिकारियों से परामर्श कर रहे हैं।''

विदेश मंत्री के पत्र की प्रति सांसद के कार्यालय ने उपलब्ध कराई है। पत्र में कहा गया है कि 61 मछुआरों के साथ मछली पकड़ने वाली पांच भारतीय नौकाओं को क्रमशः छह और 10 मार्च को सेशेल्स तटरक्षक बल ने पकड़ा था।

जयशंकर ने कहा है कि मछली पकड़ने वाले पांच जहाजों के पांच कप्तान को छोड़कर शेष 56 मछुआरों को 22 मार्च को छोड़ दिया गया था और वे लोग पहले ही भारत पहुंच चुके हैं।

विदेश मंत्री ने कहा है, ‘‘हम शेष पांच भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए सेशेल्स की सरकार से संवाद करना जारी रखेंगे। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\