देश की खबरें | ईडी ने धनशोधन मामले में बैंक खाते में जमा 90 करोड़ रुपये के लेनदेन पर लगायी रोक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक ‘डायरेक्ट सेलिंग’ कंपनी के विभिन्न परिसरों पर छापा मारने के बाद 90 करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि वाले तीन दर्जन बैंक खातों के लेनदेन पर रोक लगा दी है। यह जानकारी एजेंसी ने बुधवार को दी।
नयी दिल्ली, 18 जनवरी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक ‘डायरेक्ट सेलिंग’ कंपनी के विभिन्न परिसरों पर छापा मारने के बाद 90 करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि वाले तीन दर्जन बैंक खातों के लेनदेन पर रोक लगा दी है। यह जानकारी एजेंसी ने बुधवार को दी।
‘इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन’ के अनुसार, ‘डायरेक्ट सेलिंग’ शब्द का मतलब उस खुदरा चैनल के माध्यम से अंतिम उपयोगकर्ताओं को सीधे बिक्री करना होता है जिसका इस्तेमाल शीर्ष वैश्विक ब्रांड और छोटी कंपनियों द्वारा उत्पाद एवं सेवाओं को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए किया जाता है।
संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई में विहान डायरेक्ट सेलिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ धनशोधन मामले में छापेमारी की गई, जो भारत में क्यूनेट लिमिटेड की मास्टर फ्रेंचाइजी कंपनी है।
ईडी ने कहा, ‘‘छापेमारी के दौरान ईडी ने मामले से जुड़ी विभिन्न कंपनियों, व्यक्तियों, स्वामित्व से संबंधित 90 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वाले कुल 36 बैंक खातों के लेनदेन पर रोक लगा दी।’’
एजेंसी ने कहा कि संबंधित दस्तावेज और कुछ डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए।
धनशोधन का मामला मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा क्यूनेट लिमिटेड, विजय ईश्वरन, विहान डायरेक्ट सेलिंग (इंडिया) प्रा. लिमिटेड और अन्य कंपनियों और व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज एक प्राथमिकी से उपजा है।
ईडी ने आरोप लगाया है, ‘‘भारत में क्यूनेट की एक मास्टर फ़्रैंचाइज़ी विहान डायरेक्ट सेलिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने बड़ी संख्या में निवेशकों से प्राप्त धन को अन्य जगह लगाने के लिए विभिन्न शेल कंपनियों/डमी प्रोप्राइटरशिप का उपयोग किया है।’’
ईओडब्ल्यू की प्राथमिकी में कहा गया है कि मामले में अनुमानित "अपराध की आय" लगभग 400 करोड़ रुपये है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)